देहरादून में पानी के विवाद ने लिया खूनी मोड़, भाजपा नेता की हत्या
भाजपा नेता की हत्या का मामला
देहरादून: सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में पानी के मामूली विवाद ने गंभीर सांप्रदायिक रूप ले लिया। शनिवार शाम को मुस्लिम समुदाय के कई लोगों ने भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला सोशल मीडिया सह संयोजक विनोद के घर पर लाठी-डंडों और हथौड़ों से हमला किया। इस हमले में विनोद की हत्या कर दी गई, जबकि उनके भाई अशोक, राजेश और भाभी सुषमा गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर 12 नामजद और लगभग 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
भाजपा नेता की हत्या की सूचना फैलते ही गांव में सांप्रदायिक तनाव उत्पन्न हो गया। उग्र हिंदू संगठनों और स्थानीय निवासियों ने आरोपियों के घरों पर पथराव किया और तोड़फोड़ की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और पीएसी की बड़ी संख्या में तैनाती की गई है। इसके साथ ही, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी बुलडोजर लेकर आरोपियों के गांव पहुंचे और अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की।
मृतक के भाई अशोक कुमार ने बताया कि पड़ोसी इम्तियाज के खेत में पानी लगाने को लेकर उनका पुराना विवाद था। इसी रंजिश के चलते शनिवार शाम को रज्जाक, इम्तियाज, अमन और युनुस समेत करीब 35-40 लोग हथौड़े, बेलचे और लाठियों के साथ उनके घर में घुस आए और परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। फिलहाल गांव में सुरक्षा बल तैनात हैं और पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
