न्यूयॉर्क के मेयर ने भारतीय समुदाय को नवरात्र की शुभकामनाएं दीं
नवरात्र के अवसर पर शुभकामनाएं
न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी ने भारतीय प्रवासी समुदाय को नवरात्र और 'सिंदूर खेला' जैसे विभिन्न हिंदू त्योहारों की बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह समय आत्मचिंतन और नई शुरुआत का है। ममदानी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, 'इस सप्ताह हमारे हिंदू पड़ोसी देवी दुर्गा की पूजा कर रहे हैं। वे गरबा नृत्य करेंगे, सिंदूर खेला के माध्यम से देवी की आराधना करेंगे, बड़ों से टीका लगवाएंगे, अपने घरों में गोलू सजाएंगे और कई धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेंगे।'
उन्होंने आगे कहा, 'चाहे आप इस त्योहार को दुर्गा पूजा, दशहरा या नवरात्र के नाम से मनाएं, मेरी शुभकामनाएं हैं कि यह पर्व आपको आत्मचिंतन और नई शुरुआत का अवसर प्रदान करे।'
न्यूयॉर्क शहर, न्यूयॉर्क राज्य और अमेरिका के विभिन्न क्षेत्रों में कई हिंदू संगठनों ने दुर्गा पूजा, नवरात्र और अन्य त्योहारों को धूमधाम से मनाने के लिए कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है।
व्हाइट प्लेन्स में स्थित 'हिंदू टेंपल ऑफ ट्राई-स्टेट' ने नवरात्र और दुर्गा पूजा के अवसर पर कई दिनों तक चलने वाले कार्यक्रमों का आयोजन किया है, जिसमें डांडिया, गरबा, अष्टमी पूजा और कन्या पूजन शामिल हैं। भारतीय-अमेरिकी और अन्य प्रवासी समुदायों के लोग बड़ी संख्या में इन उत्सवों में भाग लेते हैं।
