न्यूयॉर्क में घोड़ों से खींची जाने वाली बग्घियों पर प्रतिबंध का विधेयक पारित
न्यूयॉर्क में बग्घियों पर रोक लगाने वाला विधेयक
(योषिता सिंह) न्यूयॉर्क, 23 अक्टूबर - न्यूयॉर्क शहर में घोड़ों द्वारा खींची जाने वाली बग्घियों की सवारी पर रोक लगाने वाला एक नया विधेयक पारित किया गया है। यह कदम इस साल गर्मियों में सेंट्रल पार्क में एक भारतीय किशोर की दुखद मौत के बाद उठाया गया है। न्यूयॉर्क नगर परिषद ने बृहस्पतिवार को 'रोमांच कानून' को मंजूरी दी।
इस कानून के तहत, सेंट्रल पार्क में घोड़ों से खींची जाने वाली बग्घियों का संचालन 1 जून 2028 तक चरणबद्ध तरीके से समाप्त किया जाएगा। इसके साथ ही, इस उद्योग पर निर्भर कर्मचारियों की आजीविका की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी। विधेयक के पक्ष में 40 मत पड़े, जबकि 7 ने इसका विरोध किया और 2 सदस्य मतदान में अनुपस्थित रहे।
अब यह विधेयक न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी के हस्ताक्षर के लिए भेजा जाएगा। इस कानून का नाम भारत से आए 18 वर्षीय पर्यटक रोमांच महाजन के नाम पर रखा गया है, जो इस साल गर्मियों में बग्घी से गिरने के बाद अपनी जान गंवा बैठे थे।
इस घटना के बाद नगर परिषद ने बग्घी उद्योग पर सुनवाई की थी, जिसका उद्देश्य इस प्रथा को समाप्त करने के लिए संभावित विधायी कदमों की जांच करना और बग्घी मालिकों तथा संचालकों की राय जानना था।
नगर परिषद ने एक बयान में कहा कि अगले 19 महीनों में इस उद्योग को धीरे-धीरे बंद किया जाएगा। साथ ही, कर्मचारियों और घोड़ों के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित बदलाव की योजना बनाई जाएगी। नगर परिषद की अध्यक्ष जूली मेनिन ने विधेयक के पारित होने को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि रोमांच की 'दुखद और टाली जा सकने वाली' मौत ने दशकों से बढ़ती चिंताओं के बीच तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता को उजागर किया।
