पंजाब चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, रमिंदर सिंह आवला ने शिरोमणि अकाली दल जॉइन किया
रमिंदर सिंह आवला का शिरोमणि अकाली दल में स्वागत
चंडीगढ़: पंजाब में 2027 के चुनावों से पहले कांग्रेस को एक महत्वपूर्ण झटका लगा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और जलालाबाद के पूर्व विधायक रमिंदर सिंह आवला ने शिरोमणि अकाली दल में शामिल होने का निर्णय लिया है। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने उनका पार्टी में स्वागत किया है।
सुखबीर सिंह बादल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "मैं रमिंदर सिंह आवला का शिरोमणि अकाली दल में स्वागत करते हुए बेहद खुश हूं। जलालाबाद ने मुझे तीन बार सेवा करने का अवसर दिया है। यह क्षेत्र अकाली दल की सरकारों के दौरान महत्वपूर्ण विकास का गवाह रहा है।"
उन्होंने आगे कहा, "रमिंदर सिंह आवला के पार्टी में शामिल होने से मुझे विश्वास है कि वह इस क्षेत्र और पूरे बॉर्डर इलाके में शिरोमणि अकाली दल को मजबूत करने के लिए अपनी पूरी मेहनत करेंगे, ताकि 2027 में पार्टी की जीत सुनिश्चित हो सके।"
गौरतलब है कि रमिंदर सिंह आवला ने 2019 के जलालाबाद उपचुनाव में कांग्रेस के टिकट पर जीत हासिल की थी। उन्होंने अकाली दल के उम्मीदवार को लगभग 16 हजार वोटों से हराकर जलालाबाद विधानसभा में कांग्रेस को 17 वर्षों बाद जीत दिलाई थी।
रमिंदर सिंह आवला ने बूथ स्तर के कार्यकर्ता से लेकर पंजाब यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष और फिर पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) में महासचिव के रूप में लंबा सफर तय किया। कांग्रेस ने उन्हें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) में सचिव बनाकर कर्नाटक राज्य की जिम्मेदारी भी सौंपी थी। अब उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल का दामन थाम लिया है, जिसे कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
