पंजाब में केएलएफ के चार आतंकियों की गिरफ्तारी, स्वतंत्रता दिवस पर थी बड़ी वारदात की योजना
अजनाला क्षेत्र में पुलिस की बड़ी सफलता
अजनाला एरिया में पुलिस को मिली सफलता, कई अन्य वारदात से भी जुड़ रहा कनेक्शन
Amritsar Crime News: पंजाब में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने अजनाला क्षेत्र से खालिस्तानी लिबरेशन फोर्स (केएलएफ) के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में यह जानकारी मिली है कि ये आतंकवादी स्वतंत्रता दिवस के आसपास पंजाब में एक बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
गिरफ्तारी की जानकारी
शुक्रवार सुबह, पुलिस को सूचना मिलने पर चारों आरोपियों को अजनाला इलाके से गिरफ्तार किया गया। जांच में पता चला है कि ये आरोपी एएसआई जोगा सिंह की हत्या और आर्मी क्षेत्र खासा के बाहर हुए धमाके से भी जुड़े हुए हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमदास, करणबीर सिंह, मनदीप सिंह, सुखदीप सिंह और प्रदीप सिंह के रूप में हुई है।
अन्य आतंकी वारदातों से संबंध
जांच एजेंसियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी उसी गिरोह से संबंधित हैं, जो पहले पुलिस थानों और सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर बोतल बम और ग्रेनेड हमलों में शामिल रहे हैं। एजेंसियों का कहना है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के इशारे पर 23 जुलाई की आधी रात को अजनाला थाना क्षेत्र की चमियारी पुलिस चौकी पर बोतल बम फेंका गया था। हालांकि, उस समय इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली थी और पुलिस अधिकारियों ने चौकी पर हमले की पुष्टि नहीं की थी।
