पंजाब में मतदाता सूची का घर-घर सत्यापन अभियान 25 जून से शुरू होगा
मतदाता सूची की विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया
चंडीगढ़- पंजाब में मतदाता सूची के सत्यापन के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 25 जून से 24 जुलाई 2026 तक चलाया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रत्येक घर का दौरा कर मतदाताओं के विवरण की जांच करेंगे और गणना प्रपत्र भरवाएंगे।
इस राज्यव्यापी अभियान की तैयारियों की समीक्षा के लिए सोमवार को पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त भानु प्रकाश येतुरु ने भाग लिया। इसमें एसएएस नगर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, रूपनगर और शहीद भगत सिंह नगर के जिला निर्वाचन अधिकारियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सुश्री मित्रा ने बताया कि पंजाब में कुल पांच मंडल, 23 जिले और 117 विधानसभा क्षेत्र हैं। राज्य में 24,453 मतदान केंद्र 14,664 स्थानों पर स्थापित हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अब तक 85.82 प्रतिशत मतदाताओं की सफल मैपिंग की जा चुकी है।
उन्होंने आगे कहा कि अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारियों (एडीईओ), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ), चुनाव तहसीलदारों और तकनीकी कर्मचारियों के लिए राज्य स्तरीय तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। जिला स्तर पर बीएलओ और बीएलओ पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण भी जारी है। मतदाता सूची से संबंधित सामग्री की छपाई का कार्य भी प्रगति पर है और घर-घर सत्यापन अभियान शुरू होने से पहले इसे पूरा कर लिया जाएगा।
बैठक के दौरान, वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त भानु प्रकाश येतुरु ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को मतदाता सूचियों की शुद्धता, पारदर्शिता और समावेशिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो।
बैठक में बूथ लेवल अधिकारियों की भूमिका पर भी विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे घर-घर जाकर सत्यापन कार्य समय पर पूरा करें और मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने में सहायता प्रदान करें। इसके साथ ही, व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को इस प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के लिए भी कहा गया। वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त भानु प्रकाश येतुरु तीन दिवसीय पंजाब दौरे पर हैं और अगले दो दिनों में वे मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा के साथ राज्य के अन्य जिलों की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
