पंजाब सरकार पर कर्मचारियों के साथ धोखा देने का आरोप: विजय सांपला
सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते विजय सांपला
होशियारपुर: पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष विजय सांपला ने पंजाब सरकार पर नगर निगम और नगर परिषद के कर्मचारियों के साथ धोखा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पहले सरकार ने कर्मचारियों को स्थायी करने के बड़े वादे किए थे, लेकिन अब वही कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। यह सरकार की कथनी और करनी के बीच का बड़ा अंतर दर्शाता है।
साफ-सफाई कर्मचारी यूनियन नगर निगम होशियारपुर के अध्यक्ष करनजोत आदिया, उपाध्यक्ष सोमनाथ आदिया और विक्रमजीत बंटी के नेतृत्व में चल रहे धरने में विजय सांपला ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचकर कर्मचारियों के संघर्ष का समर्थन किया।
इस मौके पर सांपला ने बरनाला में शांतिपूर्ण तरीके से अपने अधिकारों की मांग कर रहे सफाई कर्मचारियों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई किसी भी लोकतांत्रिक सरकार के लिए उचित नहीं है और यह पंजाब सरकार की कर्मचारी विरोधी मानसिकता को उजागर करती है।
सांपला ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय पुलिस बल का उपयोग कर उनकी आवाज़ को दबाने का प्रयास कर रही है, जिसे भाजपा किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों का हनन पूरे समाज पर हमला है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि बरनाला लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार सभी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को तुरंत बर्खास्त किया जाए, घटना की न्यायिक जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही, नगर निगम और नगर परिषद के कर्मचारियों को नियमित करने का चुनावी वादा बिना किसी देरी के पूरा किया जाए।
सांपला ने संघर्षरत कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि भारतीय जनता पार्टी उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर उनके साथ खड़ी है।
इस अवसर पर वाल्मीकि समाज के नेता मनोज कैनेडी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष भारत भूषण वर्मा, नितिन गुप्ता, भाजयुमो जिलाध्यक्ष शिवम् ओहरी, भाजयुमो जिला महासचिव सूरज शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
