प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर अमेरिकी हमले के बाद उठाए सवाल
अमेरिकी हमले पर राजनीतिक प्रतिक्रिया
नई दिल्ली। अमेरिका द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य के निकट तीन भारतीय नाविकों की हत्या के बाद देश में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। विपक्षी नेता मोदी सरकार पर हमलावर हो गए हैं। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने इस मुद्दे पर मोदी सरकार को घेरते हुए कहा कि, हमारे कमजोर प्रधानमंत्री न तो नागरिकों की सुरक्षा कर पा रहे हैं और न ही देश की संप्रभुता की रक्षा कर रहे हैं।
प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, अमेरिकी हमले में तीन भारतीय नाविकों की हत्या के बाद मोदी सरकार का मौन बेहद शर्मनाक है। अमेरिका ने इन हत्याओं पर खेद जताने और माफी मांगने के बजाय धमकी और आदेश की भाषा का इस्तेमाल किया है।
उन्हें यह स्पष्ट करना चाहिए कि भारत एक स्वतंत्र और संप्रभु देश है जो अपनी संप्रभुता की रक्षा करना जानता है। लेकिन हमारे कमजोर प्रधानमंत्री न तो नागरिकों की सुरक्षा कर पा रहे हैं और न ही देश की संप्रभुता की।
इससे पहले, राहुल गांधी ने भी इस विषय पर मोदी सरकार को निशाना बनाया था। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा था कि, अमेरिकी हमलों में तीन भारतीय नाविकों की हत्या के कुछ ही दिन बाद – न तो खेद, न ही माफी। इसके विपरीत, अमेरिका ने आदेश देना जारी रखा है।
उनके शब्द थे: “अमेरिकी सेना के आदेश तुरंत मानें।” कोई उल्लंघन “बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
राहुल गांधी ने आगे कहा, एक स्वतंत्र देश इस तरह की भाषा को सहन नहीं कर सकता। लेकिन हमारे कमजोर प्रधानमंत्री? चुप हैं। एक आज्ञाकारी नौकर की तरह सुनते हैं और आदेश मान लेते हैं। कमजोर प्रधानमंत्री देश की गरिमा की रक्षा नहीं कर सकते – क्योंकि जो देश का अपमान करते हैं, वे उन्हीं के अधीन होते हैं।
