फिरोजपुर में तीन बच्चों की संदिग्ध मौत से फैली दहशत
फिरोजपुर में बच्चों की रहस्यमय मौत
फिरोजपुर: पंजाब के फिरोजपुर जिले के मोहरे वाला गांव में तीन बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल बना दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उनके मुंह से झाग निकलने लगा। इसके बाद वे बेहोश होकर गिर पड़े। मृतकों में एक ही परिवार के दो बच्चे और दूसरे परिवार का एक बच्चा शामिल हैं। घटना के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें जांच में जुट गई हैं।
गांव की निवासी मनदीप कौर ने बताया कि उसने अपने तीनों बच्चों के साथ खुद भी रोटी-सब्जी और दूध का सेवन किया था। खाने के कुछ समय बाद उसके छह और सात साल के दो बच्चों की तबीयत अचानक खराब हो गई। दोनों के मुंह से झाग निकलने लगा और उनकी स्थिति गंभीर हो गई। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक बच्चों की पहचान गुरमीत और सुखजीत के रूप में हुई है।
मनदीप कौर ने कहा कि उसने और उसके एक बेटे ने भी वही दूध पिया था, लेकिन उनकी तबीयत पर कोई असर नहीं पड़ा। गांव में यह आशंका जताई जा रही है कि बच्चों की हालत दूध पीने के बाद बिगड़ी। इसी बीच, गांव के एक अन्य बच्चे के बेहोश होने और एक और बच्चे की मौत की खबर भी आई है। हालांकि, इन घटनाओं के बीच संबंध की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव पहुंच गईं और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। मृतक बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम फरीदकोट मेडिकल कॉलेज में किया जाएगा।
फिलहाल बच्चों की मौत के पीछे दूध, भोजन या किसी अन्य कारण की पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
