बिहार में छात्रों पर AK-47 से फायरिंग: राहुल गांधी ने मोदी सरकार को घेरा
सीवान में छात्रों पर फायरिंग की घटना
सीवान में छात्रों पर फायरिंग: बिहार के सीवान में पेपर लीक के खिलाफ छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने AK-47 से फायरिंग की। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया है। इस पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर तीखा हमला किया है। उन्होंने पूछा कि प्रधानमंत्री ने वादा किया था कि छात्रों पर कोई FIR नहीं होगी और उन्हें रिहा किया जाएगा, लेकिन इसके विपरीत उन पर घातक हमले किए जा रहे हैं।
हाल ही में हुई इस घटना में, प्रदर्शन के दौरान बिहार पुलिस ने छात्रों पर AK-47 से गोलियां चलाईं, जिससे तीन प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं और उनका इलाज चल रहा है। इस मामले में शामिल पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया है। राहुल गांधी ने इस पर प्रधानमंत्री मोदी को निशाने पर लेते हुए कहा कि, 'छात्रों के खिलाफ पूरा सिस्टम ही जानलेवा है। बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर AK-47 से गोलियां चलाई गई हैं और सैकड़ों छात्रों को गिरफ्तार कर उन पर FIR की जा रही है। मोदी जी, आपका वादा कहाँ गया कि छात्रों पर कोई FIR नहीं होगी और उन्हें रिहा किया जाएगा? इसके बजाय उन पर बर्बरता की जा रही है।'

कांग्रेस नेता ने आगे कहा, 'दिल्ली में छात्रों पर पेलेट गन का इस्तेमाल हुआ और बिहार में AK-47 का। उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार या दिल्ली, हर जगह एक ही पैटर्न है। मैंने पहले भी कहा है, यह सरकार झूठी है। सुधार इनके बस का नहीं है। ये अपनी बातों से मुकर जाएंगी और हर तरीके से छात्रों की आवाज़ को दबाने का प्रयास करेंगी। मोदी जी, देश के छात्रों से माफी मांगिए। और जिन्होंने छात्रों पर हमला किया है, उनके खिलाफ कार्रवाई कीजिए, छात्रों पर नहीं।'
