बुलंदशहर में गैंगस्टर नसीम दुर्रानी का एनकाउंटर, पुलिस पर की थी फायरिंग
गैंगस्टर नसीम दुर्रानी का खात्मा
बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में नोएडा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस के संयुक्त अभियान में कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुर्रानी को मार गिराया गया। नसीम का संबंध दाऊद इब्राहिम के गिरोह से था और उसे छोटा शकील का करीबी माना जाता था। वर्ष 2016-17 में, छोटा शकील ने उसे दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद छोटा राजन की सुपारी दी थी। नसीम दिल्ली में एक हत्या के मामले में वांटेड था और 16 नवंबर को दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा के दफ्तर के बाहर हुई फायरिंग में भी उसकी तलाश की जा रही थी। बीती रात पुलिस की मुठभेड़ में उसे ढेर कर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, नसीम ने कपिल मिश्रा के दफ्तर के बाहर 15 से 20 गोलियां चलाकर समीर नामक व्यक्ति की हत्या की थी। उसके खिलाफ हत्या, हत्या की साजिश, रंगदारी, लूटपाट, डकैती और अवैध हथियारों के मामलों में 25 से अधिक आपराधिक केस दर्ज थे। बीती रात पुलिस को मुखबिर से सिकंदरा बाईपास पर उसकी मौजूदगी की सूचना मिली थी। जब पुलिस ने उसे स्कूटी पर जाते देखा, तो उसने भागने की कोशिश की, लेकिन स्कूटी फिसलने से वह गिर गया। इसके बाद नसीम ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में नसीम को कई गोलियां लगीं। गंभीर स्थिति में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से दोनों पिस्टल भी बरामद की हैं। नसीम दुर्रानी उर्फ रिजवान मूल रूप से बुलंदशहर का निवासी था। दिल्ली पुलिस ने उसकी जानकारी देने वाले के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। 37 वर्षीय नसीम न्यू मुस्तफाबाद के राजीव गांधी नगर में रह रहा था और वह आदतन खतरनाक अपराधी था।
गोकुलपुरी थाने में उसके खिलाफ एफआईआर नंबर 173/2014 दर्ज थी, जिसमें उसे पुलिस हिरासत से एक आरोपी को भगाने में मदद करने और पुलिसकर्मियों पर पत्थरों से हमला करने का आरोप था। गोकुलपुरी थाने में ही उसके खिलाफ एफआईआर नंबर 289/2010 हत्या के मामले में भी दर्ज थी। इसके अलावा खजूरी खास, जाफराबाद, दयालपुर और अन्य थानों में भी उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और कई अन्य अपराधों के मामले दर्ज थे।
नसीम ने अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल में भी आपराधिक छवि प्रदर्शित की थी, जिसमें उसने अपना नाम 'बदनाम', पता 'तिहाड़ जेल', उम्र 'जीने की' और काम 'मारने का' लिखा था।
