बृज भूषण शरण सिंह का राम मंदिर चंदा चोरी पर विवादास्पद बयान
राम मंदिर चंदा चोरी विवाद पर बृज भूषण का बयान
राम मंदिर चंदा चोरी विवाद: राम मंदिर से जुड़ी चंदा चोरी के मामले में राजनीतिक बयानबाजी जारी है। पूर्व भाजपा सांसद और बाहुबली नेता बृज भूषण शरण सिंह ने एक बार फिर अपने बयान से राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में पहले दिन से ही कुछ न कुछ चल रहा था, इसलिए वह राम जन्मभूमि के दर्शन के लिए नहीं गए। इससे पहले भी उन्होंने चंदा चोरी पर बड़ा बयान दिया था।
गोंडा में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए बृज भूषण शरण सिंह ने राम मंदिर चंदा चोरी से संबंधित ताजा घटनाक्रम पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “देखिए, मैंने जो कहना था, पहले ही कह चुका हूं... जब कोई नहीं बोला था, चार साल पहले मैंने यह बात कही थी। इसलिए आज तक मैं राम जन्मभूमि के दर्शन नहीं गया, क्योंकि यहां पहले दिन से ही खेल चल रहा था।” उल्लेखनीय है कि जब सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पहली बार राम मंदिर चंदा घोटाले का मुद्दा उठाया था, तब बृज भूषण शरण सिंह भाजपा के पहले नेता थे जिन्होंने इस पर प्रतिक्रिया दी थी।
उस समय राम मंदिर दान पात्र में चोरी के मामले पर सवाल पूछे जाने पर बृज भूषण ने कहा था कि यदि उन्होंने इस मुद्दे पर सच बोल दिया, तो वह बड़ी परेशानी में फंस जाएंगे। एक समाचार एजेंसी से बातचीत में उन्होंने कहा, “अगर मैं सच बोलूंगा तो मुझे बहुत चोट लगेगी और मैं विवाद में फंस जाऊंगा, क्योंकि वे लोग बहुत ताकतवर हैं। इसलिए डर के मारे मैं सच नहीं बोल रहा हूं।” बाहुबली नेताओं में गिने जाने वाले बृज भूषण शरण सिंह के इस बयान के कई अर्थ निकाले गए थे। अब उन्होंने फिर से ऐसा ही बयान दिया है।
