भाजपा ओबीसी मोर्चा के नए अध्यक्ष बने अमरपाल मौर्य, हनुमान मंदिर में की पूजा
भाजपा की नई टीम का गठन
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को अपनी नई टीम की घोषणा की। नितिन नवीन की अगुवाई में पार्टी ने 65 सदस्यों की नई टीम का गठन किया है। इस टीम में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं, जिसमें राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य को भाजपा ओबीसी मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
अमरपाल मौर्य ने ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन श्री हनुमान मंदिर जाकर पूजा की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस अवसर की तस्वीर साझा की और लिखा कि, 'नई जिम्मेदारी, नई ऊर्जा... आज मुझे भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है, जिसके उपलक्ष्य में मैंने प्रभु श्री हनुमान जी की पूजा-अर्चना की।'

उन्होंने आगे कहा कि, 'मैं इस नई जिम्मेदारी को निष्ठापूर्वक और सफलतापूर्वक निभाने का प्रयास करूंगा। जनसेवा और संगठन के प्रति अपने दायित्वों को पूरी ईमानदारी से निभाने की कामना करता हूं।' इस अवसर पर उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि उनका स्नेह और आशीर्वाद हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

