भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की चर्चा
भारत के राजदूत की सीनेटर से मुलाकात
वाशिंगटन, 4 अक्टूबर: अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने सीनेटर एंजेला ऑल्सोब्रुक से मुलाकात की। इस बातचीत में दोनों ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के साथ-साथ भारतीय नागरिकों के लिए किफायती और निर्बाध ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित करने पर चर्चा की। यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका में ‘रूस एवं ईरान प्रतिबंध अधिनियम’ को लेकर नई दिल्ली में चिंता बढ़ रही है। यह कानून अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को रूस से कच्चा तेल खरीदने वाले देशों पर 100 प्रतिशत तक शुल्क लगाने का अधिकार देता है।
क्वात्रा ने रविवार को ‘एक्स’ पर साझा किए गए एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैरीलैंड की सीनेटर एंजेला ऑल्सोब्रुक के साथ एक शानदार मुलाकात हुई। हमने भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय साझेदारी को मजबूत करने, ऊर्जा सहयोग को बढ़ाने और भारत की ऊर्जा सुरक्षा से संबंधित प्राथमिकताओं पर चर्चा की।’’ उन्होंने यह भी बताया कि मैरीलैंड के साथ भारत के संबंधों को मजबूत करने में प्रवासी भारतीयों की भूमिका को रेखांकित किया।
