भारत और जापान के बीच रक्षा सहयोग में नई ऊंचाइयां
भारत-जापान रक्षा सहयोग की नई दिशा
भारत और जापान ने बृहस्पतिवार को उन्नत मिसाइल तकनीकों और समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में अपने रक्षा सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की। दोनों देशों ने नौसैनिक जहाजों के निर्माण और डिज़ाइन में संयुक्त विकास की संभावनाओं की खोज करने के साथ ही, जापान की आत्मरक्षा सेनाओं के लिए भारत के फायरिंग रेंज में वास्तविक गोलाबारी का अभ्यास करने का मार्ग प्रशस्त किया। यह निर्णय तोक्यो में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उनके जापानी समकक्ष शिंजिरो कोइजुमी के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता में लिया गया।
दोनों पक्षों ने सतह से जहाज पर मार करने वाली मिसाइलों के अभ्यास सहित विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों के लिए जापानी सेनाओं द्वारा भारतीय फायरिंग रेंज के शीघ्र उपयोग को लेकर समन्वय बढ़ाने पर भी सहमति जताई। दोनों मंत्रियों ने फायरिंग रेंज के उपयोग के लिए एक आशय पत्र (एलओआई) पर हस्ताक्षर करने का स्वागत किया और इसके त्वरित कार्यान्वयन के लिए अपने-अपने देशों के रक्षा अधिकारियों के बीच समन्वय बढ़ाने पर सहमति बनाई।
रक्षा उपकरणों और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग को लेकर, दोनों मंत्रियों ने यूनिफाइड कॉम्प्लेक्स रेडियो एंटीना (यूनीकॉर्न) परियोजना से संबंधित व्यवस्थाओं को शीघ्र अंतिम रूप देने और भारत द्वारा फरवरी 2027 तक मंजूरी मिलने की उम्मीद जताई। यह परियोजना भारतीय नौसेना के युद्धपोतों के लिए एकीकृत एंटीना मास्ट के संयुक्त विकास से संबंधित है।
दोनों मंत्रियों ने उन्नत मिसाइल और रक्षा प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में भारत के रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) और जापान की खरीद, प्रौद्योगिकी एवं लॉजिस्टिक्स एजेंसी (एटीएलए) के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी सहमति जताई। इसके अलावा, उन्होंने इस वर्ष अगस्त में हस्ताक्षरित व्यवस्था ज्ञापन के तहत समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने जापान की समुद्री आत्मरक्षा सेना और भारतीय नौसेना के बीच सूचना साझा करने की प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए सहयोग को और गहरा करने पर सहमति जताई। मंत्रियों ने कहा कि एक कार्यसमूह, जो संयुक्त सचिव या महानिदेशक स्तर के अधिकारियों द्वारा संचालित होगा, बारूदी सुरंगों का पता लगाने और उनसे निपटने की क्षमताओं को बढ़ाने के साथ-साथ नौसैनिक जहाजों के निर्माण और डिज़ाइन में संयुक्त विकास की संभावनाओं पर चर्चा करेगा।
मंत्रियों ने इस महीने जापान में आयोजित भारत, जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के बीच बहुपक्षीय नौसैनिक अभ्यास ‘मालाबार 2026’ और भारत-जापान समुद्री अभ्यास ‘जैमेक्स26’ के माध्यम से रक्षा सहयोग को और मजबूत करने का स्वागत किया।
बैठक के बाद, सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बातचीत को ‘सार्थक’ बताया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने बढ़ते रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग की समीक्षा की और स्वतंत्र, खुले और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र को आगे बढ़ाने के तरीकों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
