Newzfatafatlogo

मनोहर लाल की पंजाब में राजनीतिक सक्रियता से भाजपा को मिलेगी मजबूती

पंजाब विधानसभा चुनावों की आहट के साथ भाजपा ने मनोहर लाल की राजनीतिक सक्रियता को बढ़ा दिया है। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का संगठनात्मक अनुभव और प्रशासनिक कौशल भाजपा की चुनावी रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभों को जनता के सामने रखा है, जिससे पार्टी को राज्य में मजबूती मिलेगी। जानें कैसे मनोहर लाल की सक्रियता भाजपा के लिए एक रणनीतिक लाभ बन सकती है।
 | 
मनोहर लाल की पंजाब में राजनीतिक सक्रियता से भाजपा को मिलेगी मजबूती

भाजपा की रणनीति में मनोहर लाल का महत्वपूर्ण योगदान

  • मनोहर लाल के अनुभव पर भाजपा का दांव, पंजाब में बढ़ाई राजनीतिक सक्रियता
  • सुशासन से संगठन तक, पंजाब में भाजपा का प्रमुख चेहरा बने मनोहर लाल


चंडीगढ़(चन्द्र शेखर धरणी)- पंजाब विधानसभा चुनावों की तैयारी के साथ भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में अपनी राजनीतिक गतिविधियों को तेज कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विश्वसनीय और अनुभवी टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने भी पंजाब में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि संगठनात्मक क्षमता, प्रशासनिक अनुभव और साफ-सुथरी छवि के कारण भाजपा नेतृत्व मनोहर लाल की भूमिका को खास महत्व दे रहा है।


हरियाणा में सफलतापूर्वक साढ़े नौ वर्षों तक मुख्यमंत्री रहने वाले मनोहर लाल वर्तमान में केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने प्रशासनिक सुधार, पारदर्शिता, ई-गवर्नेंस और बिना पर्ची-बिना खर्ची सरकारी नौकरियों की व्यवस्था को नई पहचान दी। यही कारण है कि उनकी कार्यशैली को हरियाणा के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों में भी सुशासन के मॉडल के रूप में देखा जाता है। पंजाब में भाजपा के विस्तार अभियान के बीच मनोहर लाल की बढ़ती सक्रियता को एक विशेष रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। अमृतसर में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर जनकल्याण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया।


मनोहर लाल ने कहा कि केंद्र सरकार की प्रत्येक नीति और योजना का केंद्र बिंदु समाज के अंतिम पंक्ति में खड़ा व्यक्ति रहा है। गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्गों के उत्थान को प्राथमिकता देते हुए सरकार ने ऐसी योजनाएं लागू की हैं जिनका सीधा लाभ करोड़ों नागरिकों तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों परिवारों को पक्के घर मिले हैं। उज्ज्वला योजना ने गरीब महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाई है। आयुष्मान भारत योजना ने गरीब परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई है, जबकि जल जीवन मिशन के तहत करोड़ों घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाया गया है। स्वच्छ भारत मिशन ने देशभर में स्वच्छता को जन आंदोलन का रूप दिया है। इसके अलावा पीएम किसान सम्मान निधि, मुद्रा योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और आत्मनिर्भर भारत अभियान जैसी योजनाओं ने देश के सामाजिक और आर्थिक ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।


राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी लगातार पंजाब में सक्रिय हैं। ऐसे में भाजपा पंजाब में संगठन को मजबूत करने और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हरियाणा के अनुभवी नेतृत्व का भरपूर उपयोग कर रही है। मनोहर लाल का लंबा प्रशासनिक अनुभव, संगठन पर मजबूत पकड़ और प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनका विश्वासपूर्ण संबंध उन्हें भाजपा की चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण स्तंभ बनाता है।


मनोहर लाल ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प निरंतर आगे बढ़ रहा है और आने वाले वर्षों में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विश्व पटल पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है और यह यात्रा आगे भी इसी गति से जारी रहेगी। पंजाब की राजनीति में बढ़ती सक्रियता के बीच यह स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि भाजपा आगामी चुनावों को लेकर कोई कसर छोड़ने के मूड में नहीं है और मनोहर लाल जैसे अनुभवी नेताओं को इस अभियान की अग्रिम पंक्ति में रखा जा रहा है।