Newzfatafatlogo

मायावती ने अखिलेश यादव के घोषणापत्र पर उठाए सवाल, कहा चुनावी वादे हैं खोखले

बसपा प्रमुख मायावती ने हाल ही में समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव द्वारा जारी घोषणापत्र पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे चुनावी छलावा बताते हुए कहा कि यह गरीबों और दलितों के हित में नहीं है। मायावती ने सपा पर जातिवाद और धन्नासेठों का समर्थन करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सपा के वादे खोखले हैं और इससे प्रदेश की गंभीर समस्याएं जैसे गरीबी और बेरोजगारी का समाधान नहीं होगा। जानें इस मुद्दे पर और क्या कहा मायावती ने।
 | 

बसपा प्रमुख का बयान


लखनऊ : समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने हाल ही में लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान आगामी चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र पेश किया। इसमें उन्होंने 5 वर्षों में 25 लाख सरकारी नौकरियों का वादा, बुजुर्ग महिलाओं को सालाना 40,000 रुपये की पेंशन देने और किसानों का कर्ज माफ करने जैसे बड़े वादे किए हैं। इस पर बसपा प्रमुख मायावती ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सपा का 'जन-मन घोषणापत्र' असल में 'धन-मन वादी' है।


मायावती ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "समाजवादी पार्टी द्वारा जारी किया गया यह 'प्रण-पत्र' उनके कथित पीडीए की तरह ही खोखला है और 'थोथा चना बाजे घना' की कहावत को सही साबित करता है।" उन्होंने सपा पर जातिवाद और धन्नासेठों का समर्थन करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह पार्टी गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के वास्तविक हितों के खिलाफ काम करती है।



मायावती ने आगे कहा, "इन बातों से यह भी साबित होता है कि सपा का 'जन-मन घोषणापत्र' वास्तव में 'धन-मन वादी' है और यह समाज के अच्छे लोगों के बजाय धनी और बाहुबलियों को चुनाव में उतारेगी।" उन्होंने यह भी कहा कि 'हर हाथ को काम' और 'क़ानून द्वारा क़ानून का राज' बी.एस.पी. की नीति है, जिसे उनकी सरकारों ने ईमानदारी से लागू किया है।


सपा की घोषणाओं को चुनावी छलावा : मायावती


बसपा प्रमुख ने अपने पोस्ट के अंत में लिखा, "सपा के दामन पर एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण के खिलाफ रवैया और यूपी को जातिवादी द्वेष व दंगा-युक्त प्रदेश बनाने के मुद्दों पर लगे धब्बों को जनता कैसे भुला पाएगी? कुल मिलाकर, सपा की बातें और वादे चुनावी छलावा हैं, लोग सावधान रहें।"