मुख्यमंत्री धामी ने पीएम मोदी से की मुलाकात, उत्तराखंड के विकास पर चर्चा
मुख्यमंत्री की प्रधानमंत्री से भेंट
उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान, मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, सड़क और रेल कनेक्टिविटी, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा और ऊर्जा से संबंधित महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर प्रधानमंत्री से सहयोग और मार्गदर्शन की अपील की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड सामरिक, आध्यात्मिक और पर्यटन के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है। राज्य की भौगोलिक स्थिति और सीमित वित्तीय संसाधनों को देखते हुए, केंद्र सरकार का निरंतर सहयोग प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा दी जा रही सहायता के लिए प्रधानमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
धामी ने प्रधानमंत्री को उत्तराखंड की समृद्ध लोककला, पारंपरिक विरासत और स्थानीय उत्पादों से जुड़े उपहार भी भेंट किए।
उपहारों में मलारी की पारंपरिक हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, दोरखा (पारंपरिक ऊनी वस्त्र), उत्तराखंड का शुद्ध शहद, बद्री घी, हर्षिल का राजमा और लाल चावल शामिल थे। इसके अलावा, हरिद्वार कुंभ-2027 की भव्यता को दर्शाने वाली मां गंगा की प्रतिकृति भी भेंट की गई।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से राज्य से संबंधित विभिन्न विषयों पर स्वीकृति के लिए अनुरोध किया। उन्होंने उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य को EAP Capping से छूट देने और चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार के लिए वित्तीय और तकनीकी सहयोग की मांग की।
उन्होंने कुमाऊं क्षेत्र की कनेक्टिविटी और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली से हल्द्वानी तक एक्सप्रेस-वे निर्माण की स्वीकृति देने का भी अनुरोध किया।
टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन के लिए रोड कम रेल ट्रैक टनल निर्माण, बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल लाइन का सर्वेक्षण, हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन के प्रस्ताव पर विचार करने की भी मांग की गई।
मुख्यमंत्री ने आयुष मंत्रालय द्वारा प्रस्तावित तीन अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थानों में से एक की स्थापना किच्छा, ऊधमसिंह नगर में करने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने कुंभ-2027 के सफल आयोजन के लिए 500 करोड़ रुपये और SASCI के अंतर्गत लगभग 9,500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने RDSS योजना के अंतर्गत स्मार्ट मीटरिंग और विद्युत प्रणाली के सुदृढ़ीकरण हेतु 3,436.08 करोड़ रुपये की स्वीकृति के लिए भी धन्यवाद दिया।
मुख्यमंत्री ने देहरादून रिंग रोड की लगभग 1,200 करोड़ रुपये की परियोजना के अलाइनमेंट अनुमोदन, देहरादून-मसूरी रोपवे के अध्ययन में सहयोग और स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा, और शैक्षणिक संस्थानों के विकास में केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने देहरादून से हरिद्वार तक आरआरटीएस विस्तार के लिए फिजिबिलिटी स्टडी कराने और ऋषिकेश में यातायात दबाव को देखते हुए अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के माध्यम से फिजिबिलिटी स्टडी कराने में सहयोग के लिए भी धन्यवाद दिया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण को विकसित किया जा रहा है। नए वेडिंग डेस्टिनेशन विकसित करने की पहल की जा रही है।
आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए तीन नए आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र चिह्नित किए गए हैं। पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल और चम्पावत में आध्यात्मिक पर्यटन को विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चारधाम के प्रमुख गद्दी स्थलों से शीतकालीन यात्रा प्रारंभ की गई है। GMVN और KMVN के पर्यटक आवास गृहों में 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि आदि कैलाश परिक्रमा रन के अंतर्गत हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन आयोजित की गई है। वोकल फॉर लोकल की दिशा में राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि भारत दर्शन शैक्षिक कार्यक्रम के अंतर्गत हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित संस्थानों का भ्रमण कराया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
