मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठ महापर्व की तैयारियों का किया निरीक्षण
छठ महापर्व की तैयारियों पर मुख्यमंत्री का ध्यान
छठ महापर्व से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त हों, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने सोमवार को सूर घाट पर छठ महापर्व की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने घाट परिसर की सफाई, आवश्यक मरम्मत और रंग-रोगन के माध्यम से उसे स्वच्छ और सुंदर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षों से खराब पड़े हिस्सों को अस्थायी रूप से ठीक करने के बजाय उनकी उचित मरम्मत की जानी चाहिए। इस अवसर पर दिल्ली के कैबिनेट मंत्री श्री कपिल मिश्रा और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान, मुख्यमंत्री ने जर्जर गेट, जंग लगे ढांचे और साफ-सफाई की स्थिति को तुरंत सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रकाश व्यवस्था का जायजा लेते हुए, उन्होंने घाट के दोनों ओर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने और सभी लाइटों की जांच कर उन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिए। पानी की व्यवस्था में कमियों पर उन्होंने अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा और श्रद्धालुओं के लिए नहाने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। शौचालयों और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को सुधारने के लिए भी उन्होंने तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने मौके पर चल रहे कार्यों की प्रगति और उनकी समयसीमा की जानकारी ली। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से लंबित कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दिन तक इंतजार करने के बजाय सभी व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने साफ-सफाई, मरम्मत, रंग-रोगन, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि छठ महापर्व दिल्ली में बसे पूर्वांचल के लाखों परिवारों की आस्था और संस्कारों का उत्सव है। हर व्रती को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। सरकार श्रद्धालुओं की श्रद्धा का सम्मान करते हुए छठ महापर्व की तैयारियों में जुटी है।
