योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव की चुनावी चुनौती का दिया जवाब
गोरखपुर में योगी का आक्रामक बयान
गोरखपुर। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी, जिसका जवाब योगी ने एक बार फिर दिया है। गोरखपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश ने कहा कि अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं। मैंने कहा कि चलो, आमने-सामने हो जाएं। आप भी लड़ें, हम भी लड़ें। लेकिन, उनमें हिम्मत नहीं है। कमजोर व्यक्ति आमने-सामने की लड़ाई नहीं लड़ता, वह पीछे से वार करता है। यही हाल इन कायरों का है, जिन्होंने माफिया के बल पर यूपी को रौंदा है।
सपा पर योगी का हमला
बुधवार को अखिलेश यादव ने गोरखपुर में रोड शो किया था, जिसमें उन्होंने योगी सरकार पर तीखे हमले किए। मुख्यमंत्री ने आज आक्रामक अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में वन, खनन और कैटल माफिया का राज था। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के पिछले रोड शो में एक मासूम को शिकार बनाया गया और सपा नेताओं ने संवेदना तक नहीं दिखाई। योगी ने चेतावनी दी कि गुंडों और माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सड़कें बेहतर यात्रा के लिए बनाई गई हैं, गुंडागर्दी के लिए नहीं।
उनमें आमने-सामने लड़ने की हिम्मत नहीं है… https://t.co/z4Jo531Yb5
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 19, 2026
रामभक्तों का अपमान करने वालों को योगी की चेतावनी
योगी ने कहा कि 2027 के चुनाव का माहौल तैयार है। रामभक्तों पर गोलियां चलवाने और अयोध्या का अपमान करने वालों को अब राम याद आ रहे हैं। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर महाराजा सुहेलदेव की उपेक्षा का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले कब्रिस्तान के नाम पर जमीनों पर कब्जे के लिए पैसे दिए जाते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया और 792.18 करोड़ रुपये की 55 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें 621.05 करोड़ की 16 परियोजनाओं का शिलान्यास और 171.13 करोड़ की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
