राम मंदिर दानपात्र मामले में एसआईटी की जांच तेज, बैंक कर्मचारियों से पूछताछ
राम मंदिर दानपात्र प्रकरण की जांच में तेजी
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में राम मंदिर दानपात्र मामले की एसआईटी जांच में तेजी आई है। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने शुक्रवार को ट्रस्ट द्वारा भूमि खरीद से संबंधित दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में ट्रस्ट द्वारा खरीदी गई भूमि, मकान, भुगतान प्रक्रिया और अन्य संबंधित अभिलेखों की जानकारी ली जा रही है।
एसआईटी ने भूमि खरीद में शामिल गवाहों की सूची भी मांगी है और उन्हें तलब करने की तैयारी कर रही है। जांच टीम भुगतान प्रक्रिया की भी गहनता से जांच करेगी। सूत्रों का कहना है कि भूमि खरीद से जुड़े कई अन्य व्यक्तियों से भी पूछताछ की जा सकती है।
SIT ने बैंक कर्मचारियों को किया तलब
चढ़ावा चोरी मामले की जांच में भी तेजी आई है। एसआईटी की टीम शुक्रवार सुबह गेस्ट हाउस से राम जन्मभूमि परिसर के लिए रवाना हुई। जांच के तहत परिसर में पूछताछ का सिलसिला जारी है। एसआईटी ने मामले से जुड़े तथ्यों की जांच के लिए बैंक कर्मचारियों को भी तलब किया है।
बैंक कर्मचारियों से बंद कमरे में पूछताछ की जा रही है। टीम वित्तीय लेनदेन और अन्य दस्तावेजों से संबंधित पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है।
पूछताछ का दायरा और बढ़ेगा
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच के लिए बृहस्पतिवार को एसआईटी अयोध्या पहुंची थी। ट्रस्ट के प्रमुख पदाधिकारियों चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव से करीब चार घंटे तक पूछताछ की गई। टीम ने चढ़ावे के ऑडिट से जुड़े दस्तावेज भी कब्जे में लिए और पदाधिकारियों से इससे जुड़े सवाल पूछे। सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में कई सवालों के संतोषजनक जवाब नहीं मिले, जिससे आने वाले दिनों में पूछताछ का दायरा और बढ़ेगा। वहीं, पुलिस की आपराधिक जांच भी जारी है। इससे इन सभी पर अब पुलिस और एसआईटी का दोहरा शिकंजा कसेगा।
