रामजी लाल सुमन ने मुरादाबाद में कार्यकर्ताओं से की बैठक, कांग्रेस पर साधा निशाना
रामजी लाल सुमन का मुरादाबाद दौरा
मुरादाबाद: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन मंगलवार को मुरादाबाद पहुंचे। उन्होंने सिविल लाइन स्थित पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ पी.डी.ए बैठक की। वह 15 नवंबर को आगरा में होने वाले पश्चिमी उत्तर प्रदेश दलित सम्मेलन की तैयारियों के सिलसिले में पश्चिमी यूपी का दौरा कर रहे हैं। सुमन ने कार्यकर्ताओं से सम्मेलन में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
सुमन ने मीडिया से बातचीत में कई सवालों के जवाब दिए।
सवाल: क्या ब्रजभूषण शरण सिंह समाजवादी पार्टी से चुनाव लड़ेंगे?
उत्तर: रामजी लाल सुमन ने कहा कि यह पार्टी का मामला है, इसे हमारे ऊपर छोड़ दो। यह जिम्मेदारी अखिलेश यादव पर है।
सवाल: क्या समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन होगा?
उत्तर: उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन होगा, और इस पर जल्द ही बातचीत होगी। अखिलेश यादव, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे इस पर चर्चा करेंगे।
सवाल: कांग्रेस सांसद इमरान मसूद विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए आधी सीटों की मांग कर रहे हैं।
उत्तर: सुमन ने इमरान मसूद पर हमला करते हुए कहा कि वह अपनी हैसियत और मर्यादा को भूल रहे हैं। उन्हें अपनी सीमाओं में रहना चाहिए। ऐसे बयान गठबंधन के लिए ठीक नहीं हैं।
सवाल: भाजपा नेताओं का कहना है कि शिवपाल यादव और धर्मेंद्र यादव की सपा कार्यालय में एंट्री नहीं है।
उत्तर: सुमन ने कहा कि किसी की एंट्री बैन नहीं हुई है।
सवाल: दिल्ली में इंडिया एलायंस की बैठक में अखिलेश यादव नहीं गए।
उत्तर: उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और उनके पास कई काम होते हैं। नहीं जाने का मतलब यह नहीं है कि इंडिया गठबंधन में सब ठीक नहीं है। हम गठबंधन का हिस्सा हैं और रहेंगे।
