राहुल गांधी का मोदी पर तीखा हमला, छात्रों के अधिकारों की रक्षा की अपील
राहुल गांधी का बयान
नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इस बार मोदी बच नहीं पाएंगे, क्योंकि उनकी पुलिस ने छात्रों पर हमला किया है, जो कि हर भारतीय परिवार पर हमला है। राहुल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'छात्रों पर हमला हर भारतीय परिवार पर हमला है। प्रधानमंत्री मोदी को लगता है कि वे बिना जवाब दिए और बिना किसी परिणाम का सामना किए बच निकलेंगे। ऐसा नहीं होगा, इस बार तो बिल्कुल नहीं।'
राहुल ने अपने पोस्ट में आगे कहा, 'मैं हर देशभक्त भारतीय से अपील करता हूं, जो मानता है कि हमारे छात्रों को न्याय मिलना चाहिए। प्रधानमंत्री आवास के सामने हमारे धरने में शामिल हों। भारत के छात्रों की आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।' राहुल के साथ कांग्रेस के अन्य नेता भी लोगों से प्रधानमंत्री आवास तक पहुंचने की अपील कर रहे थे। इसके अलावा, सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और उन्होंने भी लोगों से समर्थन की अपील की।
