Newzfatafatlogo

राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला, छात्रों को आतंकवादी कहने पर मांगी माफी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा कि जो छात्र सुरक्षित भविष्य की मांग कर रहे हैं, उन्हें 'आतंकवादी' कहा गया है। राहुल ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह सरकार अपने अधिकारों की मांग करने वालों को देशद्रोही करार देती है। जानें इस विवाद की पूरी कहानी और राहुल गांधी के बयान के पीछे की सच्चाई।
 | 

राहुल गांधी का तीखा बयान


नई दिल्ली। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की है। राहुल का कहना है कि जो छात्र सुरक्षित भविष्य की मांग कर रहे हैं, उन्हें शिक्षा मंत्री ने 'आतंकवादी' करार दिया है। उन्होंने कहा, "धर्मेंद्र प्रधान जी, देश के करोड़ों युवाओं से तुरंत माफी मांगिए।"


राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "मोदी सरकार का अहंकार इस हद तक बढ़ गया है कि अपने अधिकारों, निष्पक्ष परीक्षाओं और सुरक्षित भविष्य की मांग करने वाले छात्रों को शिक्षा मंत्री 'आतंकवादी' कह रहे हैं। सोचिए, जिनकी नाकामी के कारण इतने पेपर लीक हुए, जिनके राज में 20 बच्चों ने जान दी, वो आज पीड़ित बच्चों और उनकी आवाज़ उठाने वालों को 'दहशतगर्द' बता रहे हैं।"




राहुल ने आगे कहा कि यह कोई नई बात नहीं है। पहले किसानों को 'आंदोलनजीवी और परजीवी' कहा गया, सवाल पूछने वालों को 'Anti-National' करार दिया गया, और अब युवाओं को 'दहशतगर्द' कहा जा रहा है। उन्होंने कहा, "जो भी सरकार से सवाल पूछे, उसे देशद्रोही बता दो, यही इनकी पूरी राजनीति है।" उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान से माफी मांगने और अपनी नाकामियों के लिए इस्तीफा देने की अपील की। राहुल ने कहा, "मैंने कोटा में कहा था, और फिर कहता हूं: यह शिक्षा व्यवस्था आज सिर्फ़ एक वसूली तंत्र बन गई है। मैं इसे ऐसे ही नहीं रहने दूंगा। हर बच्चे को सस्ती, अच्छी शिक्षा और निष्पक्ष परीक्षा मिले - इस आवाज़ को उठाना मैं कभी बंद नहीं करूंगा।"