राहुल गांधी ने छात्र आंदोलन पर सरकार को घेरा
राहुल गांधी का प्रेस कॉन्फ्रेंस में बयान
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को 10 जनपथ स्थित अपने आवास पर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में हरियाणा के छात्र साहिल को पेश किया, जो हाल ही में छात्र आंदोलन के दौरान पैलेट गन से घायल हुए थे।
इस अवसर पर, श्री गांधी ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया, जिससे कई छात्रों की आंखों में गंभीर चोटें आईं। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं और छात्रों के साथ जो व्यवहार किया गया है, वह लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया और उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया गया।
कांग्रेस की तीन प्रमुख मांगों का उल्लेख करते हुए, उन्होंने कहा कि पहली मांग है कि छात्रों के खिलाफ हिंसा और धमकाने की कार्रवाई तुरंत बंद की जाए। दूसरी मांग है कि छात्रों पर दर्ज सभी कार्रवाई वापस ली जाए और उनके साथ न्याय सुनिश्चित किया जाए। तीसरी मांग है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
श्री गांधी ने शिक्षा मंत्री पर तीखा हमला करते हुए उन्हें 'क्रिमिनल शिक्षा मंत्री' कहा।
उन्होंने कहा कि छात्रों के खिलाफ पैलेट गन का इस्तेमाल अस्वीकार्य है और इससे कई युवाओं की आंखों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने सरकार से अपील की कि छात्र आंदोलन को बलपूर्वक दबाने के बजाय उनकी मांगों को सुना जाए और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों का समाधान किया जाए।
