लखनऊ में ओवैसी के खिलाफ होर्डिंग्स, संविधान दिवस पर होगी बड़ी रैली
संविधान दिवस पर राजनीतिक गतिविधियाँ
लखनऊ : आज 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश में विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा बड़े आयोजन किए जा रहे हैं। इनमें लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' के तहत एक विशाल महारैली का आयोजन किया जाएगा। इस रैली में लाखों लोगों के जुटने का अनुमान है। इससे पहले, 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' में शामिल एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ राजधानी में होर्डिंग्स लगाए गए हैं। इन होर्डिंग्स में ओवैसी से चुनाव न लड़ने की अपील की गई है।
राजधानी लखनऊ के प्रमुख चौराहों पर ये होर्डिंग्स 'उम्मत-ए-मुस्लिम' द्वारा लगाए जाने का दावा किया गया है। एक होर्डिंग पर लिखा है, "ओवैसी साहब, अल्लाह के वास्ते आप हमें हमारे हाल पर छोड़ दीजिए... जब तक आप हैदराबाद में थे, तब तक हम खुश थे, हमारे धार्मिक स्थल सुरक्षित थे।" दूसरी होर्डिंग में लिखा है, "ओवैसी साहब, अगर आप सच में चाहते हैं कि हम खुश रहें और तरक्की करें, तो आपको यहाँ (किसी भी राज्य में) चुनाव नहीं लड़ना चाहिए। अल्लाह ने आपको इस दौरान बहुत नवाज दिया है। अब बस करिए।"
ज्ञात हो कि संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के बैनर तले आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की रैली आयोजित की जाएगी। दोनों नेताओं का एक मंच पर आना प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण के रूप में देखा जा रहा है। फिलहाल, लखनऊ में लगे पोस्टर से राजनीतिक तापमान और बढ़ सकता है।
