Newzfatafatlogo

संविधान दिवस पर पीएम मोदी का विपक्ष पर हमला: OBC आरक्षण में कटौती का आरोप

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान दिवस पर विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस, पर तीखा हमला किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस OBC आरक्षण में कटौती कर मुस्लिमों को आरक्षण देने की कोशिश कर रही है। पीएम मोदी ने संविधान के निर्माताओं की सोच का हवाला देते हुए कहा कि ऐसा करना संविधान के खिलाफ है। उन्होंने महिला आरक्षण और विपक्ष की भूमिका पर भी चर्चा की। जानें उनके लेख में क्या कहा गया है और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य पर उनके विचार।
 | 

संविधान दिवस पर पीएम मोदी का बयान

नई दिल्ली। संविधान दिवस के अवसर पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी दलों, खासकर कांग्रेस, पर तीखा हमला किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का सबसे बड़ा दल अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के आरक्षण में कटौती कर मुस्लिमों को आरक्षण देने की कोशिश कर रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि संविधान के निर्माता, विशेष रूप से डॉ. भीमराव आंबेडकर, की सोच इसके विपरीत थी। यह बयान 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस पर उनके विशेष लेख के माध्यम से सामने आया है।


आपको जानकारी हो कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था। इसी दिन की स्मृति में हर साल संविधान दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर पीएम मोदी ने अपने लेख में संविधान की महत्ता, सामाजिक न्याय, महिला आरक्षण और विपक्ष की भूमिका जैसे कई मुद्दों पर विचार साझा किए। उन्होंने लिखा, 'यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष का सबसे बड़ा दल OBC आरक्षण को कम करके मुस्लिम आरक्षण लाना चाहता है।' उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा करना संविधान निर्माताओं, विशेषकर बाबा साहेब आंबेडकर की सोच के खिलाफ है।


पीएम मोदी ने कांग्रेस का नाम लिए बिना उस पर निशाना साधा। उन्होंने विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि संसदीय लोकतंत्र में विपक्ष की एक स्पष्ट जिम्मेदारी होती है, लेकिन प्रमुख विपक्षी दल अब विरोधी पक्ष की जगह अवरोधक बनता दिखाई दे रहा है। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में बाधा डालना संवैधानिक जिम्मेदारियों को निभाने का विकल्प नहीं हो सकता।


प्रधानमंत्री ने महिला आरक्षण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी विपक्षी दल ने महिलाओं को विधायी संस्थाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने वाले विधेयक को पारित नहीं होने दिया। उन्होंने देश की महिलाओं को आश्वासन दिया कि महिला शक्ति को न्याय दिलाने के प्रयासों को कोई भी ताकत नहीं रोक सकती।


इसके अलावा, पीएम मोदी ने संविधान के पहले संशोधन, आपातकाल के दौरान किए गए 42वें संविधान संशोधन और अनुच्छेद 356 के कथित दुरुपयोग का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि संविधान को मजबूत बनाए रखना हर नागरिक और राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है।


अपने लेख के अंत में, प्रधानमंत्री ने 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य का जिक्र करते हुए दो सिद्धांतों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हमारी सोच में राष्ट्र प्रथम और हमारे कार्यों में कर्तव्य भाव होना चाहिए।