समाजवादी पार्टी को मिला एक और झटका, पूर्व सांसद और नेता भाजपा में शामिल
भाजपा में शामिल हुए पूर्व सांसद और सपा नेता
उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) को बुधवार को एक और बड़ा झटका लगा, जब बस्ती के पूर्व सांसद अरविंद चौधरी और बांदा के सपा नेता अनिल यादव अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह की उपस्थिति में दोनों नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। वरिष्ठ नेताओं ने उनका भाजपा परिवार में स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित संगठन है, जहां कार्यकर्ताओं का महत्व सर्वोपरि है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन नेताओं के शामिल होने से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास और जनकल्याण के नए मानक स्थापित किए हैं। उन्होंने 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मंत्र को साकार किया है।
उन्होंने देश में अराजकता फैलाने के प्रयासों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ शक्तियां लोकतांत्रिक वातावरण को प्रभावित करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भारत को बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका जैसी स्थिति में धकेलने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारत का लोकतंत्र मजबूत है और देश के जागरूक नागरिकों ने अराजकता फैलाने के प्रयासों का जवाब दिया है। आगामी चुनाव केवल किसी व्यक्ति की जीत का नहीं, बल्कि देश की स्थिरता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का भी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित और जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य को लेकर संगठन का हर कार्यकर्ता प्रतिबद्ध है।
इस मौके पर प्रदेश मुख्यालय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ल, प्रदेश मीडिया संयोजक मनीष दीक्षित, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी और अन्य पार्टी पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
