सोनौली में 20 साल बाद सड़क का सपना हुआ पूरा, विधायक ने किया उद्घाटन
सड़क निर्माण का सपना साकार
महराजगंज :: आदर्श नगर पंचायत सोनौली के वार्ड 10 के निवासियों का लगभग दो दशकों से लंबित सड़क निर्माण का सपना अब पूरा हो गया है। वार्डवासियों ने लंबे समय से इस सड़क की मांग की थी, और अब उन्हें पक्की सड़क का तोहफा मिल गया है। सड़क निर्माण कार्य के समापन के बाद, क्षेत्रवासियों ने एक सम्मान समारोह और उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी का वार्डवासियों ने फूलों और मालाओं से भव्य स्वागत किया। विधायक ने नव निर्मित सड़क का विधिवत उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि पिछले 20 वर्षों से सड़क निर्माण की मांग विभिन्न जनप्रतिनिधियों के सामने उठाई जाती रही, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि विधायक ऋषि त्रिपाठी ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक निधि से सड़क निर्माण की स्वीकृति दिलाई, जिससे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है।
उद्घाटन समारोह में विधायक ने कहा कि नगर और ग्रामीण क्षेत्रों की सभी सड़कों को कीचड़ मुक्त बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आगे भी विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
इस अवसर पर भाजपा नेता दीपक बाबा, मनोनीत सभासद रवि वर्मा, व्यापारी नेता बबलू सिंह, सुभाष जायसवाल, राजकुमार नायक, प्रदीप नायक, राजकुमार गुप्ता, हरिनारायण लोधी, प्रेम जायसवाल, धर्मेंद्र जायसवाल, अमरजीत वर्मा, गुरु मद्धेशिया, आनंद जायसवाल, बैजनाथ कौशल, श्रीनिवास जायसवाल, राजू पटवा, राजू जायसवाल, कृपा शंकर मद्धेशिया, सागर विश्वकर्मा, अमित गुप्ता, लोकेंद्र जायसवाल, विकास मिश्रा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट 
