Newzfatafatlogo

हरियाणा में किसानों की समस्याओं पर AAP का हमला, धान खरीद की मांग

हरियाणा में धान की सरकारी खरीद की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों पर पुलिस द्वारा वाटर कैनन और आंसू गैस के इस्तेमाल के बाद आम आदमी पार्टी ने सरकार पर तीखा हमला किया है। AAP के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा कि किसानों की मांगों को नजरअंदाज करना और उन पर कार्रवाई करना सरकार के किसान हितैषी होने के दावों पर सवाल उठाता है। उन्होंने सरकार से धान की खरीद प्रक्रिया को सरल बनाने और किसानों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
 | 

किसानों की समस्याओं पर सरकार की कार्रवाई पर सवाल

किसानों की मांगों को नजरअंदाज करना दुर्भाग्यपूर्ण, धान की सरकारी खरीद तुरंत शुरू करे सरकार: अनुराग ढांडा


किसान मंडी तक परेशान, सरकार के ‘किसान हितैषी’ दावों की पोल खुली: अनुराग ढांडा


देश के अन्नदाता किसानों पर वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल कर सरकार ने राजनीति को शर्मसार किया: अनुराग ढांडा


केंद्र और प्रदेश सरकार मंडियों को खत्म करने की साजिश कर रही हैं: अनुराग ढांडा


पंजाब के बजाय हरियाणा के किसानों की समस्याओं पर ध्यान दें सीएम नायब सिंह: अनुराग ढांडा


चंडीगढ़: कुरुक्षेत्र में धान की सरकारी खरीद की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों पर पुलिस द्वारा वाटर कैनन और आंसू गैस के इस्तेमाल को लेकर आम आदमी पार्टी ने हरियाणा सरकार पर निशाना साधा है। AAP के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा कि किसानों की मांगों को सुनने और समाधान निकालने के बजाय उन पर पुलिस कार्रवाई करना सरकार के किसान हितैषी होने के दावों पर सवाल उठाता है।


अनुराग ढांडा ने कहा कि जिन किसानों की फसल मंडी में पड़ी है, वे आश्वासन नहीं, बल्कि अपनी फसल की सरकारी खरीद चाहते हैं। उनके अनुसार, किसान लंबे समय से धान की खरीद शुरू करने की मांग कर रहे हैं और प्रशासन से बातचीत भी कर चुके हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ और जब किसान सड़क पर उतरे तो उनके खिलाफ वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया।


उन्होंने कहा कि हरियाणा का किसान मौसम की मार, लागत और मंडी व्यवस्था की परेशानियों के बीच अपनी फसल लेकर पहुंचता है। ऐसे में अगर उसे खरीद के लिए भी संघर्ष करना पड़े तो यह गंभीर स्थिति है। किसान का सवाल सीधा है, फसल तैयार है, मंडी में पहुंच गई है, तो सरकारी खरीद कब शुरू होगी?


अनुराग ढांडा ने आरोप लगाया कि मंडियों में गेटपास, रजिस्ट्रेशन, खरीद प्रक्रिया, बारदाने, सफाई और भुगतान से जुड़ी समस्याओं के कारण किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि धान खरीद की प्रक्रिया को सरल किया जाए और किसानों को मंडियों में अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।


अनुराग ढांडा ने केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकार पर सरकारी मंडी व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश में बीजेपी की सरकार है, फिर धान खरीद में जानबूझकर देरी क्यों की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को निजी खरीदारों के भरोसे छोड़ने के बजाय सरकार को MSP पर खरीद की व्यवस्था स्पष्ट और प्रभावी तरीके से लागू करनी चाहिए।


उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि हरियाणा के किसान मंडियों में अपनी फसल बेचने के लिए परेशान हो रहे हैं। कई दिनों से मंडियों में भटक रहे हैं। लेकिन मुख्यमंत्री नायब सिंह किसानों के बीच जाकर उनकी समस्या का समाधान करने की बजाय उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर कर रहे हैं। और पुलिस को किसानों पर अत्याचार की खुली छूट दे रहे हैं।


अनुराग ढांडा ने पंजाब को लेकर भी मुख्यमंत्री नायब सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि हरियाणा का किसान मंडी में परेशान है और मुख्यमंत्री का ध्यान प्रदेश के किसानों की समस्या के समाधान पर सबसे पहले होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता यह देख रही है कि किसानों की फसल और खरीद व्यवस्था को लेकर सरकार क्या कदम उठाती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के किसान किसी से खैरात नहीं मांग रहे। वे अपनी मेहनत से पैदा की गई धान की फसल की सरकारी खरीद और समय पर भुगतान की मांग कर रहे हैं। सरकार को किसानों के साथ टकराव के बजाय बातचीत का रास्ता अपनाना चाहिए।


अनुराग ढांडा ने मांग की कि धान की सरकारी खरीद जल्द शुरू की जाए, मंडियों में गेटपास और रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था आसान की जाए, पर्याप्त बारदाना उपलब्ध कराया जाए, मंडियों में सफाई-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और किसानों को उनकी फसल का भुगतान समय पर मिले।