Newzfatafatlogo

हुआवेई पर आपराधिक साजिश का मुकदमा अंतिम चरण में, अमेरिका पर लगे आरोप

चीन की प्रमुख दूरसंचार कंपनी हुआवेई टेक्नोलॉजीज के खिलाफ आपराधिक साजिश का मुकदमा अब अंतिम चरण में है। अभियोजन पक्ष ने आरोप लगाया है कि कंपनी ने ईरान को अपने नागरिकों की जासूसी करने में मदद की और अमेरिकी कंपनियों से डेटा चुराने में संलिप्त रही। बचाव पक्ष ने अमेरिका पर झूठी कहानी गढ़ने का आरोप लगाया है। जानें इस मामले में क्या हो रहा है और हुआवेई की स्थिति क्या है।
 | 

हुआवेई के खिलाफ मुकदमे की सुनवाई का समापन

चीन की प्रमुख दूरसंचार कंपनी हुआवेई टेक्नोलॉजीज के खिलाफ आपराधिक साजिश से संबंधित मुकदमे की सुनवाई मंगलवार को अपने अंतिम चरण में पहुंच गई। अभियोजन पक्ष ने अदालत में दावा किया कि कंपनी ने ईरान को अपने नागरिकों की जासूसी करने और अमेरिकी कंपनियों से डेटा चुराने में सहायता की। दूसरी ओर, बचाव पक्ष के वकील ने अमेरिका पर झूठी कहानी गढ़ने का आरोप लगाया। ब्रुकलिन की संघीय अदालत में लगभग दो महीने तक चली सुनवाई के बाद, बचाव पक्ष के वकील ब्रायन हेबरलिग ने अपनी अंतिम दलील में कहा कि अभियोजकों ने पहले से ही हुआवेई को एक आपराधिक संगठन मान लिया था और इसी आधार पर मामला तैयार किया गया था।


यह दलील अमेरिकी सहायक अटॉर्नी मरेडिथ अरफा के एक दिन पहले दिए गए बयान के संदर्भ में आई। अरफा ने कहा था कि हुआवेई ने पिछले दो दशकों में 170 देशों में कार्यरत अपने दो लाख से अधिक कर्मचारियों को प्रतिस्पर्धात्मक लाभ प्राप्त करने के लिए धोखाधड़ी और चोरी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी ने अमेरिकी कंपनियों, वित्तीय प्रणाली और सरकार को निशाना बनाते हुए अपराध किए और ईरान को अपने नागरिकों की जासूसी के लिए उपकरण मुहैया कराए।


हुआवेई विश्व में वायरलेस दूरसंचार नेटवर्क उपकरणों की सबसे बड़ी आपूर्तिकर्ता है। हालांकि, सुरक्षा चिंताओं के चलते इसे अमेरिका की दूरसंचार कंपनियों को उपकरण बेचने की अनुमति नहीं है। ब्रिटेन और कनाडा सहित कई अन्य पश्चिमी देशों ने भी इसके उत्पादों पर प्रतिबंध लगा दिए हैं।


हेबरलिग ने कंपनी की उल्लेखनीय वृद्धि का श्रेय उसकी इंजीनियरिंग क्षमता, निवेश, नवाचार और प्रतिस्पर्धा को दिया। उन्होंने कहा कि अभियोजन पक्ष ने कुछ कर्मचारियों की गलतियों को आधार बनाया, जिन्हें कंपनी ने उनकी गड़बड़ियों के बाद नौकरी से निकाल दिया था। इसके अलावा, उन्होंने यह भी कहा कि अभियोजकों ने कई मामलों में कंपनी पर प्रतिस्पर्धियों की बौद्धिक संपदा चुराने का आरोप लगाया, जबकि संबंधित सामग्री पहले से ही सार्वजनिक थी।


उन्होंने कहा, जिस चीज को गुप्त रखा ही नहीं गया हो, उसे चुराने का सवाल ही नहीं उठता। हुआवेई मोबाइल फोन और अन्य उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद भी बनाती है, लेकिन उसे कुछ अन्य व्यापार क्षेत्रों से बाहर कर दिया गया है। हाल के वर्षों में कृत्रिम मेधा (एआई) के बढ़ते उपयोग के कारण माइक्रोप्रोसेसरों की मांग बढ़ने के चलते कंपनी ने चिप निर्माण के क्षेत्र में भी विस्तार किया है।


अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल के दौरान, उनके प्रशासन ने हुआवेई को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए पश्चिमी देशों से अगली पीढ़ी के ‘हाई-स्पीड वायरलेस नेटवर्क’ में कंपनी के उपकरणों का उपयोग न करने की अपील की थी। अमेरिका ने 2019 की शुरुआत में कंपनी के खिलाफ आपराधिक आरोपों की घोषणा की थी और बाद में आरोपों का दायरा बढ़ाया। चीन के अधिकारियों ने अमेरिका पर आर्थिक दबाव बनाने और चीनी कंपनियों को निशाना बनाने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा को बहाने के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।