अधिवक्ता की हत्या के बाद रांची सिविल कोर्ट में न्यायिक कार्य से दूर रहे वकील

रांची, 02 अगस्त (हि.स.)। रांची सिविल कोर्ट के अधिवक्ता गोपाल कृष्ण की हत्या के खिलाफ सिविल कोर्ट में शुक्रवार को अधिवक्ता न्यायिक कार्य से दूर रहे। इससे कोर्ट में काम काज ठप रहा। वकील की हत्या से जिले के अधिवक्ताओं में काफी आक्रोश था। अपने गुस्से का इजहार करते हुए रांची सिविल कोर्ट के सैकड़ों अधिवक्ताओं ने रांची जिला बार एसोसिएशन से सिविल कोर्ट परिसर में मौन जुलूस निकाला और सिविल कोर्ट के प्रधान न्यायायुक्त से इस मामले में हस्तक्षेप का आग्रह किया।
इससे पूर्व रांची जिला बार एसोसिएशन के महासचिव संजय कुमार विद्रोही ने आपातकालीन आमसभा बुलाई। इसमें हत्या पर बहुत ही गंभीर चिंता जताई गयी। दूसरी ओर, प्रधान न्यायायुक्त के पास एसएसपी शाम में पहुंचे और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इस दौरान जिला बार एसोसिएशन ने अपराधियों को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार करने की मांग की लेकिन एसएसपी ने 72 घंटे का समय मांगा। जिला बार एसोसिएशन की शनिवार को बैठक बुलायी गयी है। बैठक में आगे की रणनीति पर चर्चा की जायेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे / चन्द्र प्रकाश सिंह