Newzfatafatlogo

सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं, मेहनत ही एक मात्र विकल्प : सुदेश कुमार महतो

 | 
सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं, मेहनत ही एक मात्र विकल्प : सुदेश कुमार महतो


रांची, 1 अगस्त (हि.स.)। आजसू पार्टी अध्यक्ष सह विधायक सुदेश कुमार महतो ने कहा कि जीवन में निश्चित लक्ष्य होना आवश्यक है। आप सभी अपने निर्धारित लक्ष्य के लिए दृढ़ संकल्पित होकर परिश्रम करें। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता है, इसके लिए मेहनत ही एक मात्र विकल्प है। आप में अद्भुत क्षमता है, आपको केवल उसे पहचानने और उसे पूरी तरह से विकसित करने की आवश्यकता है। सुदेश कुमार महतो गुरुवार काे सिल्ली स्थित अंबेडकर पार्क के समीप आयोजित प्रखंड स्तरीय मेधा प्रतिभा सम्मान समारोह काे संबाेधित कर रहे थे। इस मौके पर इस वर्ष 10वीं और 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण होने वाले प्रखंड के सभी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

उन्होंने कहा कि सपने देखना बहुत जरूरी है लेकिन उससे भी जरूरी है कि उन सपनों को पूरा करने के लिए प्रयास करना। हर दिन कुछ नया सीखें, खुद को बेहतर बनाने की कोशिश करें और चाहे कैसी भी परिस्थिति क्यों न आ जाए, कभी भी हार न मानें। बढ़ती प्रतिस्पर्धा के इस दौर में खुद को आगे रखने के लिए नए कौशल और नई तकनीकों को आत्मसात करें। आपका ध्यान केवल एक अच्छे विद्यार्थी बनने पर नहीं होना चाहिए बल्कि एक अच्छा इंसान बनने पर भी होना चाहिए। अपनी जिम्मेदारियों को समझें, समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाएं और हमेशा ईमानदारी और नैतिकता के मार्ग पर चलें। शिक्षा एक ऐसा साधन है जो आप सभी विद्यार्थियों को जीवन के हर क्षेत्र में सक्षम बनाता है। ज्ञान की प्राप्ति जीवन में सफलता की नींव है।

हिन्दुस्थान समाचार / शारदा वन्दना / दधिबल यादव