Newzfatafatlogo

उप्र में गरज चमक के साथ बारिश की संभावना

 | 
उप्र में गरज चमक के साथ बारिश की संभावना
उप्र में गरज चमक के साथ बारिश की संभावना


- बादलों से घिरा रहेगा आसमान, सामान्य से अधिक रहा तापमान

कानपुर, 13 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बीते दो दिनों से आसमान में बादल छाए हुए हैं लेकिन धूप भी बीच बीच अच्छी निकल रही है। इससे दिन और रात के तापमान में बढ़ोत्तरी हो गई। मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार को कानपुर मण्डल सहित खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि पंजाब और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। गुजरात क्षेत्र और आसपास के क्षेत्र पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है जो समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मराठवाड़ा पर है, और दूसरा विदर्भ के कुछ हिस्सों पर है। पश्चिमी विक्षोभ को मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक गर्त के रूप में देखा जाता है, जिसकी धुरी समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है। मौसम की इन गतिविधियों को देखते हुए बुधवार को कानपुर सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, कौशांबी, सोनभद्र और मिर्जापुर आदि में बारिश की संभावना है। वहीं धूप निकलने से तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही है जिससे लोगों को गलन भरी सर्दी से राहत मिलती दिख रही है।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 24.6 और न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 91 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 60 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 3.1 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में अगले पांच दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के कारण 14 फरवरी को स्थानीय स्तर पर गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/बृजनंदन