Newzfatafatlogo

सीएम सुक्खू ने कुटलैहड़ से की चुनाव प्रचार की शुरूआत, कांग्रेस के बागियों पर साधा निशाना

 | 
सीएम सुक्खू ने कुटलैहड़ से की चुनाव प्रचार की शुरूआत, कांग्रेस के बागियों पर साधा निशाना
सीएम सुक्खू ने कुटलैहड़ से की चुनाव प्रचार की शुरूआत, कांग्रेस के बागियों पर साधा निशाना


कुटलैहड़, 04अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने लोकसभा चुनाव और विधानसभा की छह सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर गुरूवार को हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के तहत ऊना जिला के कुटलैहड़ से चुनाव प्रचार का आगाज किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के छह बागियों पर जमकर निशाना साधा। समूर कलां में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिकाऊ और खाऊ नहीं चलेंगे। 25 विधायकों वाले जयराम ठाकुर सरकार बनाने की बात कर रहे हैं, वह अपने विधायकों को बिकने से बचाएं। वह किसी भी मंडी में बिक सकते हैं, उन्हें बचाकर रखना। कांग्रेस की पूर्ण बहुमत वाली सरकार पूरे पांच साल चलेगी।

सुक्खू ने कहा कि हमारे पास पैसे का नहीं, ईमानदारी, नैतिकता और जनता के हौसले का बल है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के छह बागी और तीन निर्दलीय 15-15 करोड़ रुपये में बिके हैं, इसका हमारे पास सबूत है। पुलिस जांच में इसकी परतें खुलना शुरू हो गई हैं। होटलों का बिल किसना दिया, किसके पैसे से हेलीकॉप्टरों में घूमे, यह सब अब सामने आ रहा है।

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जनता इन्हें वोट की चोट कर सबक सिखाएं और इनकी जमानत जब्त करा दें। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ के पूर्व विधायक देवेंद्र भुट्टो उनके पास सिर्फ प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के टेंडर के लिए अधीक्षण अभियंता और अधिशाषी अभियंता को फोन कराने के लिए आते थे, उन्होंने जनता की समस्याओं को कभी नहीं उठाया। वह जनता से जुड़े कामों को उन्हें पीए के पास दे जाते थे, मुझसे कभी इन्हीं कहा कि लोगों के काम कर दो, मैं खुद उनके दिए कागज पड़कर जनता के काम करता रहा। अब लड़ाई सत्य और झूठ की है। झूठ बार-बार सत्य से टकराएगा, भुट्टो बार-बार आकर झूठ बोलेगा। उसे सबक सिखाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा, मैंने कुटलैहड़ से चुनावी शंखनाद किया है, हर पंचायत- हर व्यक्ति तक जाकर अपनी आवाज पहुंचाऊंगा। हमीरपुर-ऊना के साथ उपचुनाव की सभी छह सीटें जीतेंगे और चारों लोकसभा की सीटों पर भी जीत हासिल करेंगे। सरकार ने सवा साल के कार्यकाल में 10 में से पांच गारंटियों को पूरा कर दिया है। ओपीएस हमने दी, निराश्रित बच्चों के सुख आश्रय योजना, युवाओं के स्टार्टअप योजना, डे बोर्डिंग स्कूल, दूध पर एमएसपी इत्यादि योजनाएं सरकार शुरू कर चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं गरीब परिवार व किसान का बेटा हूं, संघर्ष कर मुख्यमंत्री की कुर्सी पर पहुंचा हूं, आम आदमी की पीड़ा समझता हूं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं से उनका आग्रह है, पैसे लेकर विधायकी बेचने वालों को सबक सिखाएं। इन्होंने कांग्रेस से विधायक बनकर भ्रष्टाचार किया, अब भाजपा में जाकर भी भ्रष्टाचार ही करेंगे। ऐसे व्यक्ति कभी आपकी सेवा नहीं करेंगे, यह लूट-खसूट ही करेंगे। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर जब वोट के दम पर सत्ता प्राप्त नहीं कर सके, तो नोट के दम पर कुर्सी हथियाने की कोशिश की।

सुखविंदर सिंह ने कहा कि विवेक शर्मा ने कुटलैहड़ में काफी काम किया है। उपचुनाव में टिकट के लिए उनका नाम सबसे ऊपर है। इस समय लड़ाई टिकट की नहीं है, असत्य और सत्य के बीच है। कुटलैहड़ में विवेक का समर्थन करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का सांसद ऊना से होगा, सतपाल रायजादा जुझारू और मेहनती हैं। लोकसभा की टिकट मिलने पर उनका समर्थन करें।

हिन्दुस्थान समाचार/उज्जवल

/सुनील