Newzfatafatlogo

कांग्रेस, एनसी ने दूरदराज के इलाकों में विकास को नजरअंदाज किया: रविंदर रैना

 | 

पुंछ, 1 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस, एनसी की पिछली सरकारों पर पुंछ जैसे दूरदराज के इलाकों में विकास को लगातार नजरअंदाज करने का आरोप लगाते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविंदर रैना ने गुरूवार को जोर देकर कहा कि पहले अटल सरकार और अब मोदी सरकार ने इन दूरदराज के इलाकों में विकास के लिए सड़कें सुनिश्चित कीं।

जम्मू-कश्मीर भाजपा के अध्यक्ष रविंदर रैना पुंछ में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उनके साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता मोहम्मद रफीक चिश्ती और अन्य लोग भी थे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रैना ने कहा कि कांग्रेस, एनसी के नेतृत्व वाली सरकारों की उदासीनता के कारण पुंछ के लोगों को बेहद मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों ने लोगों के वोटों पर अपनी सत्ता का आनंद लिया लेकिन कभी भी उनकी बुनियादी जरूरतों की परवाह नहीं की।

रैना ने सड़कों की खस्ता हालत और जमीनी स्तर पर शून्य विकास के लिए कांग्रेस पार्टी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि अटल सरकार के तहत इस क्षेत्र में विकास की शुरुआत हुई। अटल युग में सुदूर गांवों से लेकर पहाड़ी इलाकों तक सड़कें पहुंचीं। मोदी सरकार में सबका साथ, सबका विकास की नीति के तहत विकास को और गति दी गई। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अटल सरकार की तर्ज पर बड़े पैमाने पर सड़कों का जाल बिछाया है और पुंछ में चौड़ी सड़कों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में जम्मू से पुंछ और पुंछ से जम्मू तक कुछ ही घंटों में पहुंचा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने इस सुदूर जिले में रहने वाले हर समुदाय के लिए काम किया है साथ ही गुज्जर-बकरवाल और पहाड़ी जैसे समुदायों की जरूरतों का भी ख्याल रखा है जिन्हें कांग्रेस और एनसी की पिछली सरकारों ने लगातार नजरअंदाज किया। इससे पहले रैना ने मेंढर में शहीद मोहम्मद औरंगजेब के घर का दौरा किया और शहीद के माता-पिता से मुलाकात की।

हिन्दुस्थान समाचार / अमरीक सिंह / बलवान सिंह