Newzfatafatlogo

भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव के इतिहास को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा

 | 
भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव के इतिहास को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा
भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव के इतिहास को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा


- मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने की जल गंगा अभियान की प्रगति की समीक्षा

इन्दौर, 12 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को प्रदेश में चल रहे जल गंगा अभियान की प्रगति की वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की। इस अवसर पर भोपाल में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, मुख्य सचिव वीरा राणा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी आदि मौजूद थे।

इस अवसर पर इंदौर से सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, संभागायुक्त दीपक सिंह,आईजी अनुराग, कलेक्टर आशीष सिंह, नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन, विधायक महेन्द्र हार्डिया, मधु वर्मा तथा गोलू शुक्ला, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुनील मेहता, इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आर.पी. अहिरवार शामिल हुये।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने जल गंगा अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि इंदौर में वृक्षारोपण अभियान की तैयारी जल्द से जल्द पूरी कर लें। उन्होंने इंदौर जिले में स्थित भगवान श्री परशुराम की जन्मस्थली जानापाव की महत्ता एवं इसके इतिहास के बारे में जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्देश दिये कि कान्ह नदी के शुद्धिकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने इंदौर के रामसर साइट की जानकारी भी ली। डॉ यादव ने पातालपानी की साफ सफाई पर भी ध्यान देने और नदियों के किनारों से अतिक्रमण हटाये जाने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव तथा नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा ने इंदौर शहर में अभियान के तहत किये जा रहे कार्यों की जानकारी दी। कलेक्टर आशीष सिंह ने पौधरोपण अभियान की तैयारी के बारे में बताया। सांसद लालवानी ने भी अभियान के संबंध में चर्चा की।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश