Newzfatafatlogo

सेवा भारती, जम्मू की छात्राओं ने सीयूजे का दौरा किया

 | 
सेवा भारती, जम्मू की छात्राओं ने सीयूजे का दौरा किया
सेवा भारती, जम्मू की छात्राओं ने सीयूजे का दौरा किया


जम्मू, 16 मई (हि.स.)। सेवा भारती, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख ने वीरवार को केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू, सीयूजे के साथ मिलकर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन, इसरो की प्रयोगशालाओं का एक शैक्षिक दौरा आयोजित किया। दृष्टि गर्ल्स हॉस्टल की पैंतीस छात्राओं ने इसरो की विभिन्न प्रयोगशालाओं का दौरा किया और उन्हें विस्तार से जानकारी दी गई। दौरे के दौरान, सेवा भारती की छात्राओं ने विश्वविद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने भारत माता की महिमा को भारत की 16 विभिन्न भाषाओं में गाया।

केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू के कुलपति प्रो. संजीव जैन ने राष्ट्र निर्माण और क्षेत्र में सेवा भारती द्वारा प्रदान की जा रही निःस्वार्थ सेवा की सराहना की। उन्होंने जोर देकर कहा कि विश्वविद्यालय सेवा भारती के साथ शिक्षा पर सहयोगात्मक योजनाएं बनाएगा ताकि सीयूजे के संकाय की विशेषज्ञता का उपयोग उनके होस्टलों में रहने वाली छात्राओं की शिक्षा के लिए किया जा सके। उन्होंने एक दिन सेवा भारती के साथ का नारा दिया ताकि विश्वविद्यालय के संकाय उनके मानवीय कार्यों में योगदान कर सकें।

प्रो. जैन ने सेवा भारती उत्तरी क्षेत्र के संगठन सचिव जयदेव दादा को उनके समर्पण और योगदान के लिए सम्मानित किया। इससे पहले, प्रो. विनय कुमार, संयोजक एसडीसीएसएस, इसरो ने सभी छात्राओं का स्वागत किया। इस कार्यक्रम के दौरान कुलसचिव प्रो. यशवंत सिंह, डीन, विभिन्न विभागों के प्रमुख और संकाय सदस्य उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/राहुल/बलवान