झामुमो ने भाजपा पर झारखंड के साथ भेदभाव करने का लगाया आरोप
![झामुमो ने भाजपा पर झारखंड के साथ भेदभाव करने का लगाया आरोप](https://newzfatafat.com/static/c1e/client/99589/downloaded/8843dbcc06ac9926a69a8ecdaf03e479.jpg?width=789&height=500&resizemode=4)
![झामुमो ने भाजपा पर झारखंड के साथ भेदभाव करने का लगाया आरोप](https://newzfatafat.com/static/c1e/client/99589/downloaded/8843dbcc06ac9926a69a8ecdaf03e479.jpg)
रांची, 10 जून (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने भाजपा पर झारखंड के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मोदी कैबिनेट में झारखंड की उपेक्षा की गई है। रांची के सांसद संजय सेठ को केंद्रीय मंत्री बनाने पर भी सुप्रियो ने सवाल उठाया और कहा कि एक ऐसे सांसद को मंत्री बनाया गया है, जिन्होंने पार्लियामेंट में कभी बंद पड़े एचईसी को लेकर एक सवाल तक नहीं उठाया है।
भट्टाचार्य सोमवार को हरमू स्थित पार्टी कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने भाजपा पर एनडीए की सहयोगी पार्टी आजसू की भी अनदेखी और अनादर करने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि एनडीए में शामिल एक-एक पार्टी के सांसदों को मंत्री पद दिया गया लेकिन गिरिडीह से लोकसभा चुनाव जीतकर दोबारा सांसद बने आजसू के चंद्रप्रकाश चौधरी को मंत्री पद नहीं दिया गया।
भट्टाचार्य ने कहा कहा कि आजसू राज्य में भाजपा का पुराना सहयोगी है। आजसू स्थानीय पार्टी है। उसे केंद्र में मंत्री पद दिया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि झारखंड के लिए जो हक और सम्मान मिलना चाहिए वह नहीं मिला। सरना धर्म कोर्ड, पिछला वर्ग का आरक्षण 27 प्रतिशत और जातीय जनगणना को लागू करने के लिए झारखंड से मंत्रिपरिषद में उचित हिस्सेदारी मिलनी चाहिए वह नहीं मिला। क्या कोई भी भूमि पुत्र यहां नहीं मिला।
हिन्दुस्थान समाचार/ विकास/चंद्र प्रकाश