Newzfatafatlogo

सूर्य सप्तमी महोत्सव : जाेधपुर शहर में धूमधाम से निकाली शोभायात्रा

 | 
सूर्य सप्तमी महोत्सव : जाेधपुर शहर में धूमधाम से निकाली शोभायात्रा


जोधपुर, 4 फरवरी (हि.स.)। शाकद्वीपीय ब्राह्मण समाज द्वारा सूर्यसप्तमी महोत्सव मंगलवार काे धूमधाम से श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस दौरान शहर के भीतरी भाग में शोभायात्रा निकाली गई। साथ ही यज्ञ, महाप्रसादी का आयोजन हुआ। मंदिरों में भगवान सूर्य की विशेष पूजा अर्चना की गई।

शाकद्वीपीय ब्राह्मण समाज के विभिन्न घटकों के सहयोग से सप्तमी पर आज शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा फतेहपोल से रवाना हुई। बैंडबाजों, शहनाई, ढोल-नगाड़ों के साथ समाज के लोग चल रहे थे।। देशभक्ति का संदेश देते महापुरुष के रूप में युवा व बच्चे घोड़े पर सवार थे। इस दौरान अखाड़ों द्वारा हैरतअंगेज करतब दिखाए गए। भगवान सूर्यदेव का रथ भी साथ चल रहा था। शोभायात्रा फतेहपोल से गुंदी का मोहल्ला, नवचौकिया, नायो का बड़, फुुलेराव, चांदपोल से भास्कर वाटिका विद्याशाला रोड आकर विसर्जित हुई। शोभायात्रा में पुरुषों ने सिर पर भगवा साफा और महिलाओं ने भगवा रंग की साड़ी पहनकर भाग लिया। बच्चों ने ब्रह्मा, विष्णु, महेश और सूर्य भगवान का वेश धारण किया।

भगवान सूर्यनारायण को समर्पित प्रमुख मंदिरों में रातानाडा, भास्कर चौराहा, पंचवटी कॉलोनी स्थित सूर्य प्रतिष्ठानों स्थापित भगवान सूर्यनारायण व मां गायत्री की विशेष पूजा अर्चना की गई। राजस्थान शाकद्वीपीय ब्राह्मण संघ जोधपुर की ओर से सूर्य प्रतिष्ठान प्रांगण में सूर्य सप्तमी, रथ सप्तमी का पर्व मनाया गया जिसमें सुबह भगवान सूर्य देव को सामूहिक अघ्र्य के बाद में सूर्य गायत्री शांति यज्ञ का आयोजन हुआ। साथ ही भास्कर चौराहा पर पुष्प माला व लाइटिंग से सजावट की गई। राजस्थान शाकद्वीपीय ब्राह्मण संघ के अध्यक्ष अधिवक्ता सूर्य प्रकाश शर्मा ने बताया कि दोपहर में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। फिर बच्चों व युवाओं के लिए विविध खेलकूद प्रतियोगिताएं हुई। बालिकाओं के लिए विशेष रूप से रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश