Newzfatafatlogo

दिवंगत कवियों की याद में कवि दरबार का आयोजन

 | 

आर.एस. पुरा, 20 नवंबर (हि.स.)। जम्मू कश्मीर कला, संस्कृति एवं भाषा अकैडमी की ओर से सोमवार को जम्मू-कश्मीर टेलेंट राइटर फोरम के सहयोग से मदर इंडिया हायर सेकेंडरी स्कूल आरएस पुरा में स्थानीय दिवंगत कवियों की याद में कवि दरबार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस नेता चौ. मोहन सिंह तथा अकादमी के अधिकारी सरदार उपेंद्र सिंह मुख्य अतिथी के रूप में जबकि मदर इंडिया स्कूल की प्रधानाचार्य सोनिया टोहरा विशेष रूप से मौजूद रहे।

उन्होंने दीप प्रज्जवलित कर कवि दरबार को शुरू करवाया। इस दौरान कवि राहि सिंबलपुरियां, जगजोत सिंह जश्न, बलविंद्र दीप सिंह, वचन भारती, बलकार सिंह, सूरज रतन, स्टार सिंह, जे.पी.एस. आजाद ने अपनी कविताओं के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। जम्मू कश्मीर टेलेंट राइटर फोरम प्रधान स्टार सिंह ने बताया कि आज इस कवि दरबार के आयोजन का उद्देश्य हमारे स्थानीय कवि विश्वनाथ दिल, सेवा सिंह शीतल, निर्मल सिंह गोविंदपूरियां, जसवंत सिंह जाश, मान सिंह को याद करना था।

उन्होंने कहा कि इन दिवंगत कवियों ने हमारे समाज को जागृत करने में काफी योगदान दिया था और इनकी रचनाओं ने सभी को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि आज इसी उद्देश्य से कवि दरबार का आयोजन किया गया था ताकि उनको याद किया जाए। मुख्यातिथि चौ. मोहन सिंह ने अपने संबोधन में इन दिवंगत कवियों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि यह बहुत अच्छा प्रयास है कि उन लोगों को याद किया जाए जिन्होंने अपनी रचनाओं व कविताओं के माध्यम से समाज को जागृत किया।

उन्होंने कहा कि आज का युवा इन सब चीजों से दूर हो रहा है पर ऐसे कार्यक्रम व कवि दरबार के माध्यम से उनको भी जोड़ा जा सकता है। इस अवसर पर काफी संख्या में लोग मौजूद रहे। कवि दरबार के दौरान स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा भी कविताओं को पढ़ा गया और अंत में उनको सम्मानित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/अमरीक/बलवान