Newzfatafatlogo

पूरे प्रदेश में मनाया जाएगा मंत्री नंदी का पुनर्प्राप्त जन्मोत्सव

 | 
पूरे प्रदेश में मनाया जाएगा मंत्री नंदी का पुनर्प्राप्त जन्मोत्सव


-प्राचीन शिव मंदिर में होगा रूद्राभिषेक, पूजन एवं प्रसाद वितरण

-उद्यमी एवं व्यापारी करेंगे नंदी के कल्याण एवं दीर्घायु की कामना

प्रयागराज, 11 जुलाई (हि.स.)। उद्यमियों एवं व्यापारियों के हितों की लड़ाई लड़ने वाले उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी का जन्मोत्सव 12 जुलाई को पूरे प्रदेश में मनाया जाएगा। नंदी के समर्थक, व्यापारी एवं उद्यमी प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विभिन्न आयोजन करेंगे। अपने क्षेत्र के शिव मंदिर में रूद्राभिषेक, पूजन एवं अर्चन के साथ ही प्रसाद वितरण और सेवा कार्य करेंगे। भगवान भोलेनाथ से नन्दी के दीर्घायु एवं कल्याण की कामना की जाएगी।

गाैरतलब है कि, 12 जुलाई 2010 को उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी पर प्रयागराज के बहादुरगंज की गली में आरडीएक्स रिमोट बम से जानलेवा हमला किया गया था। जिस समय हमला हुआ नंदी प्रतिदिन की तरह प्राचीन मनोकामना पूर्ति शिव मंदिर में जल चढ़ाने जा रहे थे। नंदी पर हमला इतना जोदार था कि पूरा शहर दहल उठा था। इस जानलेवा हमले में एक सुरक्षा कर्मी एवं एक पत्रकार की मौत हो गई थी और नन्दी गम्भीर रूप से जख्मी हुए थे। करीब सात महीने तक चले इलाज के बाद हजारों समर्थकों और चाहने वालों के स्नेह और आशीर्वाद से नन्दी मौत को मात देकर वापस लौटे।

उत्तर प्रदेश के व्यापारी, उद्यमी एवं वैश्य समाज के लोग 12 जुलाई का दिन प्रत्येक वर्ष व्यापारी साहस दिवस के रूप में मनाते हैं, क्योंकि नंदी ने व्यापारियों, उद्यमियों से होने वाली गुंडा टैक्स वसूली एवं उत्पीड़न के विरुद्ध न केवल आवाज उठाई बल्कि सक्रिय रूप से उसके लिए काम करना शुरू कर दिया था। जिसके कारण व्यापारियों में फैला हुआ भय तेजी से समाप्त हो रहा था। यह माफियाओं को चुनौती जैसा लगा। जिसकी वजह से नन्दी पर जानलेवा हमला किया गया था। प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी 12 जुलाई को नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी का पुनर्प्राप्त जन्मोत्सव मनाया जाएगा। नंदी बहादुरगंज स्थित प्राचीन मनोकामनापूर्ति शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का रूद्राभिषेक, पूजन करेंगे।

प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा के विधायक और कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी का जीवन शुरू से चुनौतियों भरा रहा। बहादुरगंज में 23 अप्रैल 1974 को जन्मे नन्दी के पिता सुरेश चंद्र डाक विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। मां विमला देवी घर में सिलाई-बुनाई करती थी। आर्थिक तंगी होने के बाद भी उनका हौसला मजबूत था और उन्होंने सदैव संघर्ष और अपने इच्छाशक्ति से वो मुकाम हासिल किया, जो लोगों के लिए प्रेरणा बने। शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र से पहली बार चुनाव लड़े और विधायक बने, फिर कैबिनेट मंत्री बने। तब से अब तक तीन बार विधायक और तीन बार कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वर्तमान में प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री के रूप में उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने की दिशा में उनके प्रयासों की सर्वत्र सराहना हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश भारत के ग्रोथ इंजन के रूप में उभरा है। उसमें सम्बंधित विभाग के मंत्री के रूप में नंदी की सक्रियता और भूमिका सराहनीय है।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र / Siyaram Pandey