Newzfatafatlogo

देश के सभी वर्गों के विकास के लिए नरेंद्र मोदी सरकार ने किया काम-नितिन अग्रवाल

 | 
देश के सभी वर्गों के विकास के लिए नरेंद्र मोदी सरकार ने किया काम-नितिन अग्रवाल
देश के सभी वर्गों के विकास के लिए नरेंद्र मोदी सरकार ने किया काम-नितिन अग्रवाल


बलरामपुर, 16 मई(हि.स.)। प्रदेश के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि कोविड काल में भारत अपने नागरिकों के साथ खड़ा रहा। इसकी विकसित देशों ने भारत की खूब सराहना की। जब-जब दुनिया पर कोई समस्या आती है तो विश्व भारत की तरफ देखता है। भारत जोड़ो यात्रा निकालने वाले लोगों के पूर्वजों ने भारत तोड़ने का काम किया है। वह गुरुवार को तुलसीपुर में आयोजित एक व्यापारी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि देश की राजनीति में दो विचारधाराएं काम कर रही हैं। एक राष्ट्रवाद की बात करती है तो दूसरी देश को तोड़ने की बात करते हैं। कहा कि कांग्रेस की देन है कि आज पाकिस्तान का जन्म हुआ।

एक चुनावी जनसभा में अखिलेश यादव ने जिन्ना को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी तक बताया है। कांग्रेस के शासनकाल में कोयला घोटाला, कामनवेल्थ, स्पैक्ट्रम घोटाला सहित सभी विभागों में घोटाला हुआ। केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के दस वर्ष में कोई घोटाला नहीं हुआ। कोई आरोप नहीं लगा। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास के नीति पर कार्य करते हुए हर वर्ग के लोगों के विकास के लिए कार्य किया है। इस बार मौका मिला तो भारत दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगी।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले गुंडों को खुली छूट थी। व्यापारी, महिलाएं, बच्चियां सुरक्षित नहीं थीं। योगी सरकार आने के बाद कानून व्यवस्था स्थापित हुआ है। माफिया राज खत्म हुआ है। व्यापारी सम्मेलन में लोकसभा उम्मीदवार साकेत मिश्रा व गैसड़ी विधानसभा उपचुनाव में उम्मीदवार शैलेश सिंह शैलू को भारी बहुमत से जीतने की अपील करते हुए एक बार फिर नरेंद्र मोदी की सरकार बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को जिला प्रभारी राहुल राज रस्तोगी, जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने संबोधित करते हुए भाजपा उम्मीदवार को जिताने की अपील की। मंत्री के पहुंचने पर व्यापारी नेता अनिल लाठ के अगुवाई में व्यापारियों ने प्रभारी मंत्री का जोरदार ढंग से स्वागत किया।

हिन्दुस्थान समाचार/प्रभाकर

/दिलीप