हिसार :भट्ठा मजदूरों व ग्रामीणों ने बचाई नील गाय व बच्चे की जान
कुत्तों ने नील गाय व बच्चे पर हमला करके किया घायल
हिसार, 11 जनवरी (हि.स.)। जिले के धांसू व सुलखनी गांव के खेतों में कुत्तों
के झुंड ने नील गाय व उसके बच्चे पर हमला कर दिया। कुत्तों ने नील गाय को कई जगह से
काट खाया। साथ लगते ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूरों ने मानवता का परिचय देते हुए
आवारा कुत्तों के हमले से घायल एक नीलगाय व दूसरी घटना में नील गाय के बच्चे की जान
बचाई।
बताया जा रहा है कि नीलगाय अपनी जान बचाने के लिए भागती हुई धांसू सुलखनी ईंट
भट्ठे तक पहुंच गई। यहां पर मजदूरों ने कुत्तों को भगाया और उसे बचाया। इसी दौरान एक
अन्य घटना में कुत्तों ने धांसू गांव में नीलगाय के एक बच्चे पर भी हमला कर दिया। ग्रामीणों
की सतर्कता से दोनों की जान बच गई। मजदूरों ने तुरंत वन्य जीव विभाग के इंस्पेक्टर
दिनेश जांगड़ा को सूचित किया।सूचना मिलने के बाद वन्य प्राणी विभाग की टीम ने रेस्क्यू
वाहन भेजकर दोनों घायल जानवरों को इलाज के लिए धांसू डियर पार्क पहुंचाया। नील गाय
व उसके बच्चे को कुत्तों से बचाने की घटना की सर्वत्र प्रशंसा हो रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर