Newzfatafatlogo

केवल भाजपा सरकार ही जम्मू-कश्मीर में समतामूलक और समग्र विकास कर सकती है: अशोक कौल

 | 

जम्मू, 1 अगस्त (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर भाजपा के महासचिव (संगठन) अशोक कौल ने गुरूवार को त्रिदेव सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि केवल भाजपा सरकार ही जम्मू-कश्मीर में समतामूलक और समग्र विकास कर सकती है।

उन्होंने रियासी जिले के श्री माता वैष्णो देवी विधानसभा क्षेत्र में त्रिदेव सम्मेलन को संबोधित किया। पूर्व मंत्री अजय नंदा, जिला प्रभारी अरविंद गुप्ता, जिला अध्यक्ष रोहित दुबे, बलदेव शर्मा, सरफ सिंह नाग, निर्मला देवी, शिव शर्मा, शशि गुप्ता इस दौरान मौजूद थे।

अशोक कौल ने पार्टी के त्रिदेव की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता समाज और राष्ट्र के लिए निस्वार्थ कार्य का प्रतीक है जिसने पार्टी को सभी क्षेत्रों और धर्मों के लोगों की पहली पसंद बना दिया है। विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत का मतलब जम्मू-कश्मीर के सुदूर इलाकों में और अधिक विकास है। अशोक कौल ने कहा कि मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर में हर क्षेत्र में अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे को बढ़ाने के लिए उदार निधि प्रदान की है जिसका अर्थ है कि यहां समाज की सामाजिक-आर्थिक मजबूती और मजबूत होगी। कौल ने भाजपा कार्यकर्ताओं, खासकर त्रिदेवों से विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए चुनाव तक अतिरिक्त घंटे काम करने का आह्वान किया।

इस बीच भाजपा ने पूरे क्षेत्र में विधानसभा क्षेत्रों में कई त्रिदेव और मोर्चा सम्मेलन आयोजित किए। जम्मू-कश्मीर भाजपा उपाध्यक्ष युद्धवीर सेठी और भाजपा जिला अध्यक्ष जम्मू दक्षिण रेखा महाजन ने बाहु विधानसभा क्षेत्र में भाजयुमो सम्मेलन को संबोधित किया। जम्मू-कश्मीर भाजपा उपाध्यक्ष पवन खजूरिया, किसान मोर्चा उपाध्यक्ष सतीश भारती ने उधमपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के किसान मोर्चा सम्मेलन को संबोधित किया। विपन शर्मा, गुरदयाल खजूरिया, आशु शर्मा, अमित शर्मा, संजीत शर्मा, बिशन दास और अन्य मौजूद थे। पूर्व मंत्री अजय नंदा ने रियासी विधानसभा क्षेत्र में भाजयुमो सम्मेलन को संबोधित किया। पूर्व विधायक दलीप परिहार ने भद्रवाह विधानसभा क्षेत्र में एसटी मोर्चा सम्मेलन को संबोधित किया।

पूर्व विधायक दलीप परिहार और जम्मू-कश्मीर भाजपा सचिव किसान मोर्चा सुभाष चंद्र ने भद्रवाह विधानसभा क्षेत्र में किसान मोर्चा सम्मेलन को संबोधित किया। जम्मू-कश्मीर भाजपा के सचिव विकास चौधरी ने थन्नामंडी विधानसभा क्षेत्र में भाजयुमो सम्मेलन को संबोधित किया। जम्मू-कश्मीर भाजपा प्रवक्ता रजनी सेठी और भाजपा जिला अध्यक्ष जम्मू प्रमोद कपाही ने जम्मू पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में महिला मोर्चा सम्मेलन को संबोधित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / अमरीक सिंह / बलवान सिंह