Newzfatafatlogo

प्रदेशाध्यक्ष से इस्तीफे की मांग करने वाले पार्षद को शहर अध्यक्ष द्वारा नोटिस जारी

 | 

उज्जैन,11जून(हि. स.)। कांग्रेस का अंतरकलह सतह पर आने लगा है। पार्टी के लोकसभा चुनाव में प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष से इस्तीफे की मांग करने वाले पार्षद को शहर अध्यक्ष द्वारा नोटिस जारी किया गया है। नोटिस का जवाब संतोषजनक नहीं होने की स्थिति में पार्टी से निकालने की चेतावनी दी गई है।

कांग्रेस के पार्षद राजेंद्र गब्बर कुवाल को शहर कांग्रेस के अध्यक्ष मुकेश भाटी द्वारा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संविधान के नियम १९ (च) (४) (ड) के प्रावधान अनुसार कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसमें कहा गया है कि आपके द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी से इस्तीफे की मांगकर उनकी कार्यशैली पर आरोप लगाए है,जो अनुशासनहिनता है।

इस्तीफे की मांग और प्रेस विज्ञप्ति को सोशल मीडिया पर शेयर किया है। विज्ञप्ति में आप ने स्वयं को शहर कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बताया है, आप वर्तमान में इस पद पर नहीं हैं। आप कांग्रेस के सक्रिय सदस्य और पार्षद हैं। प्रदेश अध्यक्ष से इस्तीफे की मांग को सार्वजनिक कर पार्टी को चुनौती देने का काम कर रहे हैं। इसकी शिकायत पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा संगठन से की है।

जवाब व स्पष्टीकरण दें

शहर कांग्रेस के कई नेताओं ने इस पार्टी विरोधी कार्य और कांग्रेस की छवि को प्रभावित करने पर आपके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। उक्त सभी स्थिति को देखते हुए नोटिस का जवाब और स्पष्टीकरण देंं। समय-सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आपके खिलाफ अनुशासनात्मक या कांग्रेस ने निष्कासन की कार्रवाई की जा सकती है।

हिंदुस्थान समाचार/ललित

/मयंक