Newzfatafatlogo

भाजपा ने किसानों, नौजवानों, महिलाओं, व्यापारियों सभी से किये झूठे वादे : अखिलेश यादव

 | 
भाजपा ने किसानों, नौजवानों, महिलाओं, व्यापारियों सभी से किये झूठे वादे : अखिलेश यादव
भाजपा ने किसानों, नौजवानों, महिलाओं, व्यापारियों सभी से किये झूठे वादे : अखिलेश यादव


लखनऊ, 04 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सबसे झूठी और भ्रष्टाचारी पार्टी है। भाजपा ने झूठ और भ्रष्टाचार के सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। भाजपा ने किसानों, नौजवानों, महिलाओं, व्यापारियों सभी से झूठे वादे किए। दस साल केन्द्र की भाजपा सरकार ने एक भी वादा पूरा नहीं किया। न किसानों की आय दोगुनी हुई न युवाओं को हर साल दो करोड़ नौकरी मिली।

भाजपा सरकार महिलाओं की सुरक्षा देने में फेल रही है। महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ते जा रहे हैं। जिन-जिन राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं, वहां महिलाओं के साथ सबसे ज्यादा अत्याचार हो रहा है। भाजपा ने मंहगाई और बेरोजगारी के नाम पर भी जनता से झूठ बोला। महंगाई, बेरोजगारी कम होने के बजाय दोगुनी रफ्तार से बढ़ी। खाने-पीने की चीजें दाल, सब्जी, दूध से लेकर डीजल-पेट्रोल, रसोई गैस सभी चीजों के दाम बढ़ाकर भाजपा सरकार ने गरीब और मध्यम वर्ग जनता की कमर तोड़ दी।

अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। भाजपा ने चुनावी चंदा के नाम पर जमकर वसूली की। सरकारी एजेंसियों ईडी, सीबीआई और आईटी से छापे डलवाकर डराकर तमाम कम्पनियों से वसूली की गई। कोरोना रोधी वैक्सीन बनाने वाली कम्पनी से भी वसूली कर ली। भाजपा सरकार में इलेक्टोरल बांड के नाम पर ऐसा भ्रष्टाचार हुआ है जिसकी कल्पना नहीं की जा सकती है। सरकार दबाव डालकर पार्टी के लिए पैसा वसूलती हो ऐसा कभी नहीं हुआ। जब से भाजपा के भ्रष्टाचार का भांडा फूटा है तब से भाजपा में भारी घबराहट है। जनता भाजपा के चाल, चरित्र और चेहरे को समझ गई है। उत्तर प्रदेश में तो भाजपा ने पूरे बजट का बंदरबांट किया है। बजट की ऐसी लूट कभी नहीं हुई। यूपी में भाजपा सरकार सड़कों में गड्ढामुक्त के नाम पर 40 हजार करोड़ रुपये का बजट डकार गई।

पूरे प्रदेश की सड़कों में तमाम गड्ढे़ हैं। बजट का पता ही नहीं चला कि कहां खर्च हो गया? प्रदेश का विकास रुक गया। स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल है। मरीजों को दवा और इलाज नहीं मिल रहा है। इस बार लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को सभी 80 लोकसभा सीटों पर हराकर सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने के लिए तत्पर है।

हिन्दुस्थान समाचार/मोहित/विद्याकांत