Newzfatafatlogo

इंडिया (आईएनडीआईए) गठबंधन अहंकारी भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेगी : अरूण यादव

 | 
इंडिया (आईएनडीआईए) गठबंधन अहंकारी भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेगी : अरूण यादव
इंडिया (आईएनडीआईए) गठबंधन अहंकारी भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेगी : अरूण यादव




- झांसी में समस्याओं का अम्बार लगा हुआ है : प्रदीप जैन आदित्य

- डबल इंजन सरकार ने झांसी ललितपुर को कुछ नहीं दिया : डॉ चन्द्रपाल सिंह यादव

झांसी,16 मई (हि.स.)। इंडिया (आईएनडीआईए) गठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व केन्द्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य के चुनाव प्रचार के लिए गुरुवार को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मध्य प्रदेश और पूर्व केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री अरूण यादव झांसी पहुंचे। यहां पर उन्हाेंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन ने इस अहंकारी भाजपा सरकार को बदलने का बीड़ा उठाया है। रूझान बता रहे हैं कि मध्य प्रदेश में भाजपा मात्र 10-12 सीटें ले सकेंगी और इंडिया गठबन्धन 4 जून को विकास की नई इबारत लिखने जा रहा है।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एमपी अरूण यादव ने कहा कि जिस प्रकार पीएम अपने भाषणों में शब्दावली का प्रयोग कर रहे हैं उससे लगता है कि 400 सीटें तो दूर उनकी स्थित खराब है। मंगलसूत्र के बाद उन्हें भैंस की याद आई। इस पर भी कोई काम नहीं बना तो हिन्दू-मुस्लिम की बात पर आए। राहुल गांधी ने आगाह किया था कि अब उनके घड़ियाली आंसू बहेंगे और ये हुआ भी।

उन्होंने अपने न्याय पत्र के वादों को भी सुनाया। दिल्ली में विश्व का सबसे बड़ा आंदोलन हुआ, जिसमें 700 अन्नदाताओं की मौत हुई। एमएसपी का कानून लेकर कांग्रेस आएगी। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में हर वर्ग को विशेषाधिकार देने की कोशिश की है। महालक्ष्मी योजना में हर परिवार की गरीब महिला को हर माह आठ हजार पांच सौ रूपया, बेरोजगार युवक की पहली नौकरी पक्की। मनरेगा में हर मज़दूर की मज़दूरी चार सौ रूपया प्रतिदिन और हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। कांग्रेस के घोषणा पत्र में हर किसी का ध्यान रखा गया है। अभी तक के रूझान देख कर प्रधानमंत्री को चार सौ पार का नारा धूमिल नजर आ रहा है इसलिये तीन दिन पहले वाराणसी में प्रधानमंत्री ने घड़ियाली आंसू बहाये। बीएचईएल को हमने नौ रत्न कम्पनी का दर्जा दिया था जो आज बरबादी की कगार पर खड़ी है। किसानों का कर्ज माफ करेंगे।

प्रत्याशी प्रदीप जैन आदित्य ने कहा कि झांसी से सांसद को कोई लेना-देना नहीं है। झांसी में समस्याओं का अम्बार लगा हुआ है। यहां पानी का अभाव है। झांसी का नाम बदल दिया गया, फिर सुधार किया गया। इस पर सांसद कुछ नहीं बोले। बुन्देलखण्ड में गौ माता के बुरे हाल है। उनके लिए न चारा है न पानी। गौ माता बेहाल हैं। झांसी में पन्द्रह हजार मकानों पर एनजीटी की तलवार लटकी हुई है लेकिन सांसद को कोई मतलब नहीं। कल पूरे दिन शहर का व्यापारी परेशान रहा, दुकानों के शेड तोड़े गये लेकिन किसी ने अफसोस जता कर माफी नहीं मांगी। संत रवि दास की प्रतिमा स्थापित करने पर सैकड़ों की संख्या में पुलिस बुलायी गयी। बातचीत के बाद मामला खत्म हुआ, लेकिन बाद में 12 धाराएं लगा कर एफआईआर दर्ज करवा दी गयी। मेरा कहना है कि हमारे साथ कुछ भी करो पर गरीबों को तो छोड़ दो। सौ में से 99 युवक बेरोजगार हैं। डिफेंस कोरिडोर के लिए गरीब किसानों की ज़मीन ली गई और अमीरों को देंगे। तीन लाख पचास हजार लोगों के पैसे सहारा में फंसे हैं। मैं इस लड़ाई को लड़ कर गरीब जनता का पैसा वापस दिलवाने का काम करूंगा।

पूर्व सांसद डॉ चन्द्रपाल सिंह यादव ने कहा कि बुन्देलखण्ड बहुत पिछड़ा इलाका है। इस इलाके में भाजपा ने कुछ नहीं किया। यहां झांसी को हमने कृषि विश्वविद्यालय, फ्लाई ओवर, पांच सौ बेड का हाॅस्पिटल, सैनिक स्कूल, पैरा मेडिकल दिया। लेकिन डबल इंजन सरकार ने झांसी ललितपुर को कुछ नहीं दिया। फ्लाईओवर हमने बनवाया और नाम क्या उस पर लिख दिया गया, आप जानते हैं। किसानों को उनकी ज़मीनों के जो रेट मिलना चाहिए था, नहीं दिये गये। डिफेन्स कारिडोर के लिए जमीन ले ली लेकिन आज तक यहां पटाखा तक नहीं बना। प्रधानमंत्री महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की आमदनी, पढ़ाई-लिखाई पर नहीं बोलते, वो सिर्फ हिन्दु मुसलमान, भारत-पाकिस्तान के नाम पर वोट मांग रहे हैं। भाजपा सरकार का अहंकार सिर चढ़कर बोल रहा है इसलिये यहां के सांसद मिलते ही नहीं हैं। ऐसे जनप्रतिनिधि को चुनिये जो सहज सुलभ हो।

पत्रकार वार्ता के दौरान विधायक नितेन्द्र सिंह राठौर पृथ्वीपुर, बुन्देलखण्ड क्रान्ति दल के केन्द्रीय अध्यक्ष सत्येन्द्र पाल सिंह, राहुल रिछारिया, राजेन्द्र सिंह यादव, जिलाध्यक्ष योगन्द्र सिंह पारीछा, शहर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, अनिल रिछारिया, सीताराम कुशवाहा, जिलाध्यक्ष महिला सरला भदौरिया, शहर अध्यक्ष महिला आशिया सिददीकी, मुकेश अग्रवाल, शमीमा सिद्दीकी, ई0 रामकुमार शुक्ला, पिंकी जैन, शफीक अहमद मुन्ना, शाहिद, सीताराम यादव, मजहर अली आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/महेश/मोहित