Newzfatafatlogo

नारी शक्ति के रूप में जल सहेलियां

 | 
नारी शक्ति के रूप में जल सहेलियां


झांसी, 5 फ़रवरी (हि.स.)। जल संरक्षण और जागरूकता का संदेश लेकर जल सहेलियों की जल यात्रा चौथे दिन बबीना विकासखंड के बड़ौरा गांव से आगे बढ़ी। यात्रा तालबेहट विकासखंड के झरर घाट से होते हुए ऐतिहासिक चंदेली तालाब, कड़ेसरा कला तक पहुंची। तालाब किनारे संगोष्ठी आयोजित हुई, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (एडीएम) राजेश कुमार श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी (एसडीएम) भूपेंद्र सिंह, ललितपुर विधायक रामरतन कुशवाहा, नमामि गंगे के प्रतिनिधि केतन दूबे, नगर पंचायत अध्यक्ष पुनीत सिंह परिहार, जिला पंचायत सदस्य बृजेंद्र यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष राजकुमार जैन, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष मुक्त सोनी, ग्राम प्रधान ज्ञान सिंह (कड़ेसरा कला), प्रधान महेंद्र सिंह पवा सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने जल सहेलियों का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया।

अपर जिलाधिकारी श्रीवास्तव ने जल सहेलियों की इस यात्रा को ऐतिहासिक बताते हुए उनकी भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत जल सहेलियाँ हर घर नल योजना के अंतर्गत गांव-गांव में टोंटी लगवाने के कार्य में जुटी हैं। जल चौपालों के माध्यम से जल संरक्षण और इसके महत्व को लेकर जागरूकता फैला रही हैं।

जल सहेली फाउंडेशन के संस्थापक संजय सिंह ने जल सहेलियों के इस अनूठे प्रयास की प्रशंसा करते हुए स्थानीय समुदाय को आश्वस्त किया कि तालबेहट के चंदेली तालाब का सौंदर्यीकरण जिला प्रशासन के सहयोग से कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह बुंदेलखंड का पहला तालाब है, जिसके नाम पर तालबेहट शहर का नाम पड़ा।

इसके बाद यात्रा तालबेहट नगर में प्रवेश कर गई, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भव्य स्वागत किया। हर पड़ाव पर जल सहेलियाँ ‘हर घर नल योजना’ के तहत टोंटी लगाने के लिए प्रेरित करती रहीं। वे जल संरक्षण, स्वच्छ जल की महत्ता और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए जन संवाद और जागरूकता अभियान चला रही हैं।

यात्रा में इंदौर से आए समर्थन संस्था के प्रमुख डॉ. योगेश कुमार, वरिष्ठ पत्रकार दीपक अग्निहोत्री परमार्थ संस्था के कार्यकर्ता सहित सैकड़ों जल सहेलियों ने भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया