Newzfatafatlogo

तृणमूल समर्थकों पर फायरिंग, भाजपा कार्यकर्ता के घर में तोड़फोड़

 | 
तृणमूल समर्थकों पर फायरिंग, भाजपा कार्यकर्ता के घर में तोड़फोड़
तृणमूल समर्थकों पर फायरिंग, भाजपा कार्यकर्ता के घर में तोड़फोड़


कोलकाता, 11 जून (हि.स.)। लोकसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में हिंसा का दौर जारी है। एक तरफ कूचबिहार में बदमाशों पर तृणमूल समर्थकों पर फायरिंग करने का आरोप लगा है तो वहीं दूसरी तरफ काकद्वीप में भाजपा कार्यकर्ता के घर में तोड़फोड़ करने और उनकी बेटी के अपहरण की धमकी देने का आरोप तृणमूल कांग्रेस पर लगा है।

आरोप है कि सोमवार रात को कूचबिहार के पुतिमारी एक नंबर ग्राम पंचायत के कोयालीदह इलाके में बदमाशों ने एक तृणमूल समर्थक पर हमला कर दिया। आरोप है कि धनेश्वर दास नाम के युवक की जमकर पिटाई की गई। उस पर गोलियां चलाई गईं। युवक के पैर में गोली लगी है। युवक फिलहाल अस्पताल में भर्ती है। हालंकि खबर लिखे जाने तक दिनहाटा थाने पुलिस ने घटना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी। वहीं दूसरी तरफ तृणमूल कांग्रेस पर काकद्वीप में भाजपा कार्यकर्ता के घर में तोड़फोड़ करने और उनकी बेटी के अपहरण की धमकी देने के आरोप लगे हैं।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, सोमवार रात इलाके इलाके से सत्ताधारी दल का विजय जुलूस जा रहा था। आरोप है कि तृणमूल के बदमाशों ने राजाराम प्रधान नाम के भाजपा कार्यकर्ता के घर पर धावा बोल दिया। उनके घर में तोड़फोड़ की गई। यहां तक कि उनकी बेटी के अपहरण की भी धमकी दी। इस घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ता का परिवार डरा हुआ है। घटना के पीछे ग्राम पंचायत की मुखिया मनोरमा मिद्या पंडित और उनके पति का हाथ होने का आरोप है। पंचायत प्रमुख ने आरोपों से इनकार किया है।

उन्होंने कहा कि यह घटना पूरी तरह से पारिवारिक है। इसमें तृणमूल कांग्रेस किसी भी तरह से शामिल नहीं है। पीड़ित भाजपा कार्यकर्ता ने पुलिस पर जांच में निष्क्रियता का आरोप लगाया है। हारवुड प्वाइंट कोस्टल पुलिस थाने में मामले की शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हिन्दुस्थान समाचार /धनंजय /गंगा